इस्लामाबाद, 11 नवंबर (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित एक समारोह में अपने अनुमोदन का दस्तावेज जमा कर पाकिस्तान औपचाारिक रूप से जलवायु परिवर्तन पर पेरिस समझौते में शामिल हो गया।
इसके साथ ही पाकिस्तान इस ऐतिहासिक समझौते की पुष्टि करने वाला 104 वां देश बन गया।
विदेश विभाग ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तानी दूत मलीहा लोदी ने राष्ट्रपति द्वारा हस्ताक्षरित अनुमोदन के दस्तावेज जमा किए।
बयान के मुताबिक, इस साल अप्रैल महीने में समझौते पर हस्ताक्षर की शुरुआत होने पर पाकिस्तान ने पहले दिन इस पर दस्तखत किया था।
गत 5 अक्टूबर को समझौते को लागू करने के लिए आवश्यक शर्ते पूरी हो गई थीं जिसके तहत कम से कम 55 देशों का अनुमोदन जरूरी था जिनका कुल वैश्विक ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में 55 प्रतिशत योगदान है।
समझौते के तहत ग्लोबल वार्मिग को 2 डिग्री सेल्सियस के नीचे रखना सदस्य देशों के लिए बाध्यकारी है जिसे विशेषज्ञ और वैज्ञानिक सुरक्षा की न्यूनतम सीमा मानते हैं।
गत 2 अक्टूबर को भारत समझौते का अनुमोदन करने वाला 62वां देश बना था।
dharmpath.com dharmpath