हिट गानों की आलोचना का कोई मतलब नहीं : बप्पी लाहिड़ी

मुंबई, 15 नवंबर (आईएएनएस)। मशहूर संगीतकार व गायक बप्पी लाहिड़ी का कहना है कि उन्होंने हमेशा आम लोगों की पसंद को ध्यान में रखकर संगीत बनाया न कि यह सोचकर कि इसकी इतिहास में क्या जगह होगी।

हाल में हॉलीवुड फिल्म ‘मोआना’ में ‘शोना’ गाने के साथ डिज्नी वर्ल्ड में कदम रखने वाले बप्पी दा ने आईएएनएस को बताया, “मैं जनता के लिए संगीत बनाता हूं। अगर लोगों को गाना पसंद आया तो वह फिर हिट है। आज के गानों की आलोचना करने का कोई मतलब नहीं है, चाहे वे रचनात्मक रूप से अच्छे हों या बुरे। जब भी आप किसी फिल्म के लिए गाने बनाते हैं, तो लोगों के अनुभव से यह लोकप्रिय और हिट हो जाता है। हमें इसका सम्मान करना चाहिए।”

उन्होंने कहा, “यह टेस्ट क्रिकेट और वनडे मैच के बीच की तुलना जैसा है। आपको ‘रात बाकी’, ‘बंबे से आया मेरा दोस्त’, ‘आज रपट जाए’ जैसे गाने हमेशा याद रहते हैं, लेकिन आज के फिल्मी गाने एक या दो साल में लोग भूल जाते हैं। लेकिन, पापुलर कल्चर में हिट और फ्लॉप का फैसला लोग करते हैं। मैं इसका सम्मान करता हूं।”

हमेशा सोने से लदे रहने वाले बप्पी दा ‘शोना’ के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने इस फिल्म के टमाटोवा, जो एक विशाल केकड़ा है, के लिए गाया है और उसके संवाद को आवाज दी है।

उन्होंने कहा, “मैं और मेरा परिवार हमेशा से डिज्नी के बड़े फैन रहे हैं। मैं ‘मोआना’ के साथ जुड़कर बेहद खुश हूं। मैं हमेशा नई चीजें करने के लिए उत्साहित रहता हूं।”

उन्होंने कहा, “मैंने पहली बार एनिमेटेड कैरेक्टर के लिए आवाज दी है। इसे करने में बेहद मजा आया। मुझे उम्मीद है कि लोगों को भी यह पसंद आएगा। मेरे लिए यह हमेशा एक ‘सुनहरी याद’ रहेगा।”

कैरेक्टर के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, “टामाटोआ का किरदार मुझसे मिलता-जुलता है। मेरी तरह उसे भी सोना पसंद है। मैं इस फिल्म के लिए बेहद उत्साहित हूं क्योंकि मैंने आवाज के माध्यम से अभिनय किया है।”

फिल्म ‘मोआना’ भारत में दो दिसंबर को रिलीज होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493