विशाल भारद्वाज के बेटे की लघु फिल्म का फिल्म बाजार के लिए चयन

पणजी, 16 नवंबर (आईएएनएस)। फिल्मकार विशाल भारद्वाज के बेटे आसमान भारद्वाज की लघु फिल्म ‘द थीफ’ उन 38 लघु फिल्मों में शामिल हैं, जो गोवा में 10वें एनएफडीसी फिल्म बाजार में दिखाई जाएंगी।

वर्तमान में न्यूयॉर्क के ख्यातिप्राप्त स्कूल ऑफ विजुअल आर्ट्स से स्क्रीनराइटिंग का कोर्स कर रहे आसमान ने कहा, “मुझे नहीं पता था कि मेरे डैड ने फिल्म को ‘व्यूइंग रूम ऑफ द फिल्म बाजार’ के लिए भेजा है। मैं बहुत खुश हूं। इसे ज्यादा लोग देख सकेंगे।”

प्रसिद्ध लेखक रस्किन बांड की कहानी पर आधारित फिल्म 20-24 नंवबर को आयोजित होने जा रहे ‘व्यूइंग रूम एट द फिल्म बाजार’ में दिखाई जाएगी।

आसमान के अभिभावकों- विशाल व गायिका रेखा भारद्वाज द्वारा संयुक्त रूप से निर्मित फिल्म में चंदन रॉय सान्याल, राहुल कुमार और अदिति शर्मा जैसे सितारे प्रमुख भूमिका में हैं।

फिल्म की कहानी एक ऐसे लड़के बारे में है, जो किसी चीज की परवाह नहीं करता है। लेकिन एक दिन किसी से मुलाकात के बाद उसकी जिंदगी बदल जाती है।

इस साल ‘द व्यूइंग रूम’ में 202 फिल्में दिखाई जाएंगी, जिनमें से 38 लघु फिल्में और 164 फीचर फिल्में हैं।

‘व्यूइंग रूम’ के लिए पेश की जाने वाली फिल्में या तो पूरी हो चुकी हैं या अब भी उन पर काम हो रहा है, जिन्हें 2017 में लांच किया जाना है।

फिल्म बाजार एक ऐसा मंच है, जो अंतर्राष्ट्रीय और दक्षिण एशियाई फिल्म उद्योग के बीच सहयोग को प्रोत्साहित करने के लिए बनाया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493