मुंबई, 16 नवंबर (आईएएनएस)। आगामंी फिल्म ‘वजह तुम हो’ में पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाने वाले अभिनेता शरमन जोशी का कहना है कि पर्दे पर पुलिस की भूमिका में महानायक अमिताभ बच्चन उन्हें बेहद पसंद हैं।
शरमन के मुताबिक, “पर्दे पर पुलिसकर्मी के रूप में अमिताभ बच्चन मेरे पसंदीदा अभिनेता हैं। पुलिसकर्मी के रूप में उनके संवाद काफी दमदार होते हैं, लेकिन ‘वजह तुम हो’ में अपना किरदार मैंने उनकी किसी फिल्म की भूमिका से प्रेरित होकर नहीं निभाया है।”
अभिनेता ने बताया कि निर्देशक विशाल पांड्या ने उन्हें इस विशेष चरित्र की बारीकियों के बारे में बताया, जिसके बाद उन्होंने इस किरदार में जान डालने में अपनी तरफ से कोई कसर नहीं छोड़ी।
शरमन इससे पहले पांड्या के साथ फिल्म ‘हेट स्टोरी-3’ में काम कर चुके हैं।
अभिनेता ने कहा कि जब पांड्या ने इस फिल्म में अलग किरदार निभाने का प्रस्ताव दिया तो वह बेहद खुश हुए। उन्होंने निर्देशक का आभार जताया।
‘वजह तुम हो’ एक कामुक थ्रिलर फिल्म है, इसमें सना खान और गुरमीत चौधरी मुख्य भूमिका में हैं। यह दो दिसंबर को रिलीज होगी।
dharmpath.com dharmpath