मुंबई, 17 नवंबर (आईएएनएस)। मॉडल-अभिनेत्री दीपानिता शर्मा निर्माता एकता कपूर के ‘एएलटी बालाजी’ की वेब श्रृंखला के साथ डिजिटल माध्यम में कदम रखने जा रही हैं। अभी वेब श्रृंखला का नाम नहीं तय किया गया है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस शो का विषय बेहद पसंद आया।
दीपानिता ने एक बयान में कहा, “यदि इस विषय का प्रस्ताव मुझे किसी भी माध्यम के लिए दिया जाता तो मैं इसे जरूर स्वीकार करती। यह एक रोचक, चुनौतीपूर्ण और भावुक विषय है और मुझे पूरा भरोसा है कि एकता इस पर बेहतरीन काम करेंगी। डिजिटल दुनिया एक अज्ञात संसार है, जहां आप रचनात्मक रूप से जितनी गहराई में चाहे गोता लगा सकते हैं।”
दीपानिता इस श्रृंखला में एक बोल्ड अवतार में नजर आएंगी। उनके साथ अभिनेता समीर सोनी भी नजर आएंगे।
वेब श्रृंखला में अपने किरदार के बारे में बात करते हुए दीपानिता ने कहा, “मैं इसमें एक ऐसी औरत का किरदार निभा रही हूं, जिसका पति किसी दूसरी औरत के प्यार में पड़ जाता है। मेरे लिए इस तरह की भूमिका भावनात्मक रूप से मुश्किल थी, लेकिन मेरे सह-कलाकारों की वजह से यह आसान हो गया।”
श्रृंखला अगले साल शुरू होगी।
dharmpath.com dharmpath