लखनऊ, 18 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से आगरा तक बने एक्सप्रेस-वे पर उन्नाव के पास प्रमुख सचिव (सूचना) नवनीत सहगल हसनगंज इलाके में सड़क हादसे में घायल हो गए। उन्हें तत्काल यहां ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। हालांकि उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, नवनीत सहगल लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर फाइटर प्लेन की सफल लैंडिंग के बाद लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। हादसा उन्नाव जनपद के हसनगंज इलाके में हुआ। घायल सहगल को एयर एम्बुलेंस से लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर लाया गया। नवनीत सहगल हादसे में बुरी तरह जख्मी हैं, मगर अभी बात करने की स्थिति में हैं।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने आगरा एक्सप्रेस-वे के परीक्षण के दौरान कहा था कि “इस हाईवे पर बहुत रफ्तार से चल सकते हो लेकिन इस पर 100 की रफ्तार से ज्यादा पर मत चलना।”
इस बीच मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सहगल को देखने ट्रॉमा सेंटर पहुंचे।
उल्लेखनीय है कि सपा मुखिया मुलायम सिंह के जन्मदिन के अवसर पर 21 नवंबर को मुख्यमंत्री अखिलेश द्वारा लखनऊ -आगरा ग्रीन एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण से तीन दिन पहले एक्सप्रेस-वे पर फाइटर प्लेनों की लैंडिंग और टेकऑफ का रिहर्सल शुरू हुआ था। शुक्रवार को पांच सुखोई-30 और तीन मिराज विमानों ने एक्सप्रेस-वे पर फाइटर प्लेनों के लिए बनाई गई एयर स्ट्रिप पर लैंडिंग की रिहर्सल की।
dharmpath.com dharmpath