मॉस्को, 20 नवंबर (आईएएनएस)। रूस के 20 शहरों में सिनेमापार्क सिनेमाप्लेक्स में बॉलीवुड फिल्मोत्सव 30 नवंबर से सात दिसंबर तक आयोजित होगा।
यह आयोजन रूस में स्थित भारतीय दूतावास, रूस के संस्कृति मंत्रालय, रूस स्थित एक बॉलीवुड कंपनी और इनोवेशंस इंडिया के निदेशक राहुल बाली के सहयोग से हो रहा है।
जेडी इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी इस कार्यक्रम का साझीदार है। संस्थान के डिजाइनर भी इस महोत्सव में अपना संग्रह पेश करेंगे।
महोत्सव की निदेशक अन्ना गुतोवस्काया ने अपने बयान में कहा, “मैं युवा डिजाइनरों को देखने के लिए वास्तव में उत्साहित हूं जो रूस में भारतीय फैशन का प्रतिनिधित्व करेंगे।”
फैशन शो पर ‘आवारा’, ‘अजूबा’, ‘बॉबी’, और ‘डिस्को डांस’ आदि फिल्मों का प्रभाव नजर आएगा।
जेडी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के कार्यकारी निदेशक आरसी दलाल ने कहा कि रूस के लोग शुरू से भारतीय फिल्मों के प्रशंसक रहे हैं। यह महोत्सव एक नया मानक निर्धारित करेगा और इसके जरिए भारतीय फिल्म उद्योग और भारतीय डिजाइनरों को नए अवसर मिलेगें।
महोत्सव में ‘फैन’, ‘मैडली इन लव’ आदि फिल्में प्रदर्शित होंगी।
समापन समारोह में सलमान खान अभिनीत फिल्म ‘सुल्तान’ दिखाई जाएगी।
मॉस्को के अलावा सेंट पीटर्सबर्ग, नोवोसिबिस्र्क, येकातेरिनबर्ग आदि शहरों में भी महोत्सव आयोजित होगा।
dharmpath.com dharmpath