मुंबई, 21 नवंबर (आईएएनएस)। सुपरस्टार रजनीकांत का कहना है कि वह अपनी वैज्ञानिक कल्पना पर आधारित तमिल फिल्म ‘2.0’ में बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार द्वारा निभाए गए किरदार को करना चाहते थे। उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म के असली हीरो अक्षय ही हैं।
रजनीकांत ने कहा, “अगर मुझे मौका मिलता, तो मैं अक्षय के किरदार को निभाता। फिल्म के असली हीरो वही हैं।”
अक्षय कुमार इस फिल्म में प्रमुख विलेन के किरदार में हैं। यह फिल्म अगले साल दिवाली पर रिलीज होगी।
फिल्म की पहली झलकी के लॉन्च अवसर पर अक्षय ने कहा, “निर्देशक शंकर ने मुझसे कहा था कि मेरा किरदार कठिन होगा, लेकिन मुझे यह किरदार निभाने में मजा आया। यह विषय बहुत अलग तरह का है। मैं आश्वस्त हूं कि यह फिल्म हॉलीवुड के मानकों पर उतरेगी।”
फिल्म में एमी जैक्सन, सुंधाशु पांडे और आदिल हुसैन जैसे कलाकार हैं। 350 करोड़ रुपये के मेगा बजट की इस फिल्म का निर्माण लीसा प्रोडक्शन्स ने किया है। इसका निर्माण 3डी में किया जा रहा है।
dharmpath.com dharmpath