आईएसएल : चेन्नई को हराकर प्लेऑफ में पहुंचना चाहेगा मुम्बई

मुम्बई, 22 नवंबर (आईएएनएस)। हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के तीसरे सीजन में बुधवार को मुम्बई सिटी एफसी का सामना मौजूदा चैम्पियन चेन्नयन एफसी के साथ होगा। अपने घर में होने वाले इस मैच को जीतकर मुम्बई की टीम प्लेऑफ का टिकट कटाने वाली पहली टीम बनना चाहेगी।

मुम्बई सिटी ने अपने अंतिम मैच में केरला ब्लास्टर्स को 5-0 से हराया था। यह टीम 12 मैचों से 19 अंक लेकर टॉप पर है। ये अंक उसे इस सीजन में शीर्ष-4 में बनाए रखने के लिए काफी हैं।

आईएसएल के बीते दो सीजनों में इस टीम ने कुल 16 अंक जुटाए थे। साथ ही इस टीम ने इस सीजन में पांच जीत हासिल की है, जो बीते दो सीजनों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन है। 2014 और 2015 सीजन में इस टीम ने चार-चार मैच जीते थे।

मुम्बई सिटी के कोच एलेक्सजेंडर गुइमाराएस ने कहा, “हम रास्ते पर हैं। हमारा पहला लक्ष्य प्लेऑफ है और हम इसके काफी करीब हैं। ये अंक हमारे लिए अच्छे हैं लेकिन ये पर्याप्त नहीं हैं। हमें अपना अच्छा खेल जारी रखना होगा।”

मुम्बई के कप्तान डिएगो फोर्लान पहले मार्की खिलाड़ी हैं जिन्होंने आईएसएल में हैट्रिक लगाई है। साथ ही फोर्लान ने मुम्बई के लिए एक रिकार्ड कायम रखा है और वह यह है कि मुम्बई के किसी न किसी खिलाड़ी ने हर सीजन में हैट्रिक लगाई है।

पहले सीजन में आंद्रे मोरित्स ने हैट्रिक लगाई थी और बीते सीजन में सुनील छेत्री ने यह मुकाम हासिल किया था। इसके बावजूद गुइमाराएस को आगे आने वाली चुनौती का अंदाजा है।

गुइमाराएस ने कहा, “हमें चेन्नई के खिलाफ बेहतरीन खेल दिखाना होगा। हम और अच्छी स्थिति में आना चाहते हैं। हमने कोलकाता के खिलाफ चेन्नई का खेल देखा है और इससे हमें अंदाजा है कि इस टीम की तैयारी पहले से अच्छी है। यह एक कठिन टीम है। यह चैम्पियन टीम है और इसी कारण यह अंत तक लड़ना जानती है।”

चेन्नई एफसी हालांकि इस सीजन में बिल्कुल भी चैम्पियन की तरह नहीं खेली है। यह अभी 11 मैचों से 14 अंक लेकर छठे स्थान पर है। मौजूदा चैम्पियन ने हालांकि बीते कुछ मैचो में अपना असल रंग दिखाया है और इसी कारण कोच मार्को मातेराजी आशा लगाए हुए हैं कि उनकी टीम अंतिम समय में अच्छा खेलते हुए सेमीफाइनल का टिकट कटा लेगी।

मातेराजी ने कहा, “हमें अच्छा खेलने के अलावा किस्मत के सहारे की भी जरूरत होगी। मैं अभी भी प्लेऑफ को लेकर आश्वस्त हूं। दिल्ली के साथ हुए मैच के अलावा हमने बाकी सभी टीमों के खिलाफ अपने स्तर के साथ न्याय किया है।”

चेन्नई ने इस सीजन में घर से बाहर सिर्फ एक मैच जीता है। अब अगर उसे घर से बाहर एक और जीत चाहिए तथा सेमीफाइनल में जगह बनाना है तो उसके इटेलियन स्ट्राइकर डेविड सुची को डुडु ओमागबेमी के साथ मिलकर अच्छा खेल दिखाना होगा। सुची के गोल की बदौलत ही चेन्नई ने कोलकाता के खिलाफ ड्रॉ खेला था।

मातेराजी ने कहा, “फुटबाल गणित का विज्ञान है। हम बस यही कर सकते हैं कि जितने हो सकें, अंक जुटा लें। हमारे लिए प्लेऑफ में पहुंचना ही मायने रखता है। बाकी किसी चीज का कोई मतलब नहीं है। एक बार हम अगर वहां पहुंच गए तो फिर सारी चीजें नए सिरे से शुरू होंगी।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493