नई दिल्ली, 26 नवंबर (आईएएनएस)। हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के तीसरे सीजन में उम्दा प्रदर्शन करने वाली दिल्ली डायनामोज टीम रविवार को अपने घरेलू मैदान-जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में सीजन का अंतिम मैच खेलेगी। इस मैच में उसका सामना एफसी गोवा से होगा।
दिल्ली की टीम अभी 11 मैचों से 17 अंक लेकर आठ टीमों की तालिका में चौथे स्थान पर है। उसका लक्ष्य गोवा को हराते हुए शीर्ष-4 में अपनी स्थिति मजबूत करना होगा, जिससे कि उसके सेमीफाइनल में पहुंचने को लेकर बाधाएं न रह जाएं।
दिल्ली के कोच गियानलुका जाम्ब्रोता अच्छी तरह जानते हैं कि यह मैच उनकी टीम के लिए कितना अहम है और इसी कारण वह गोवा को किसी भी हाल में हल्के में नहीं लेना चाहते। इसका कारण यह है कि अगर दिल्ली यह मैच हार जाता है तो उसके अरमानों पर कुठाराघात भी हो सकता है। वैसे उसके खाते में इस मैच के बाद भी दो मैच रह जाएंगे लेकिन आगे की कौन जानता है?
जाम्ब्रोता ने कहा, “अगर हम जीतते हैं तो फिर हम सेमीफाइनल में पहुंचने की स्थिति में होंगे। मैं गणितीय आंकड़ों में नहीं उलझना चाहता। मैं चाहता हूं कि हम अच्छी तैयारी के दम पर इस मैच को जीतें। “
दिल्ली का हालांकि घरेलू मैदान पर प्रदर्शन इस सीजन में औसत रहा है। उसने अब तक इस मैदान पर छह मैच खेले हैं लेकिन जीत उसे एक ही मैच में मिली है। पांच मैच बराबरी पर छूटे हैं। इस आधार पर दिल्ली ने अपने घर में अब तक अधिकतम 12 अंकों में से 8 अंक ही हासिल किए हैं।
अब वह अंतिम मैच से हासिल तीन अंकों के आधार पर तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंचना चाहेगी। मुम्बई सिटी एफसी 22 अंकों के साथ तालिका में पहले स्थान पर है। कोलकाता के 18 अंक हैं और वह दूसरे स्थान पर है। केरल के भी 18 अंक हैं लेकिन गोल अंतर के कारण वह तीसरे स्थान पर है।
दूसरी ओर, दिल्ली के हाथों अपने घर में इससे पहले खेला गया मुकाबला 0-2 से हारने वाली गोवा की टीम सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई है। उसे अब तक खेले गए 12 मैचों से सिर्फ 11 अंक जुटाए हैं। इस टीम को इस सीजन में सात हार मिली है। यह टीम अब अपने बाकी के मैच सम्मान की खातिर जीतना चाहेगी।
गोवा के कोच जीको ने इस अहम मैच से पहले कहा, “यह मैच अलग कहानी बयां करता है। हम जब अपने घर में दिल्ली के खिलाफ खेले थे तब हमने जीत और अंक के लिए काफी मेहनत की थी और रिस्क भी लिया था। इस मैच में हमें रिस्क लेने की जरूरत नहीं। हमें बस यही ध्यान रखना होगा कि हम उन्हीं खिलाड़ियों को मैदान में उतारें जो 100 फीसदी फिट हैं।”
गोवा ने 11 नवम्बर को अपने घरेलू मैदान पर नार्थईस्ट युनाइटेड एफसी को 2-0 से हराते हुए फार्म में वापसी के संकेत दिए थे लेकिन इसके बाद उसे मुम्बई सिटी के खिलाफ ड्रॉ खेलना पड़ा था और फिर कोलकाता के खिलाफ उसे अंतिम पलों में हार मिली। ये दोनों मैेच भी घर में खेले गए थे। दिल्ली से भिड़ने के बाद गोवा को 1 दिसम्बर को चेन्नयन एफसी से अपने घर में भिड़ना है।
dharmpath.com dharmpath