मुंबई टेस्ट : इंग्लैंड की पारी से हार, भारत को श्रृंखला में 3-0 की अजेय बढ़त (लीड-1) (इंट्रो में संशोधन के साथ)

मुंबई, 12 दिसंबर (आईएएनएस)। भारत ने अपने हरफनमौला खेल की बदौलत वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए चौथे टेस्ट मैच के आखिरी और पांचवें दिन सोमवार को इग्लैंड को पारी और 36 रनों से हरा दिया।

इसी के साथ मेजबान टीम ने पांच मैचों की श्रृंखला में 3-0 की अजेय बढ़त ले ली है।

भारत ने पहली पारी के आधार पर इंग्लैंड पर 231 रनों की बढ़त ले ली थी। मेहमान टीम इस बढ़त को उतार नहीं पाई और अपनी दूसरी पारी में 55.3 ओवरों में 195 रनों पर ढेर हो गई।

इंग्लैंड के जोए रूट (77) और जॉनी बेयर्सटो (51) ही भारतीय गेंदबाजों का सामना कर सके। बाकी और कोई बल्लेबाज विकेट पर खड़ा नहीं हो सका।

यह भारत की लगातार पांचवीं श्रृंखला जीत है। उसके लिए अश्विन ने इस पारी में छह विकेट लिए। उन्होंने पहली पारी में भी छह विकेट अपने नाम किए थे। इस मैच में कुल 12 विकेट अपने नाम किए।

यह सातवीं बार है जब अश्विन ने एक मैच में 10 से ज्यादा विकेट लिए हों। भारत की तरफ से उनसे ज्यादा एक मैच में 10 विकेट लेने का रिकार्ड टीम के मौजूदा मुख्य कोच अनिल कुंबले के नाम हैं। उन्होंने 132 मैचों में आठ बार यह कारनामा किया है।

इंग्लैंड ने चौथे दिन की 182 रनों पर अपने छह विकेट गंवा दिए थे। यहां से भारत की जीत निश्चित लग रही थी। अंतिम दिन उसे जीत के लिए चार विकेट की जरूरत थी। यह चारों विकेट अश्विन के नाम रहे।

अश्विन ने बेयर्सटो को पगबाधा कर इंग्लैंड को दिन का पहला और बड़ा झटका दिया। वह 185 के कुल स्कोर पर आउट हुए। चार रन बाद अश्विन ने क्रिस वोक्स को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। आदिल राशिद (2) और जेम्स एंडरसन (2) के रूप में गिरने वाला इंग्लैंड का आखिरी विकेट भी अश्विन के नाम रहा।

इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पदार्पण मैच खेल रहे केटान जेनिंग्स (112), जोस बटलर (76) और मोइन अली की बेहतरीन पारियों की मदद से अपनी पहली पारी में 400 रन बनाए थे।

मेजबान टीम ने इसका मजबूत जवाब देते हुए कप्तान विराट कोहली (235), मुरली विजय (136) और जयंत यादव (104) की शानदार पारियों की मदद से अपनी पहली पारी में 631 रन बनाते हुए 231 रनों की बढ़त ले ली थी। जिसे मेहमान टीम उतार नहीं पाई और मैच के साथ श्रृंखला भी गंवा बैठी।

श्रृंखला का राजकोट में खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ रहा था जबकि विशाखापट्टनम और मोहली में खेले गए दूसरे और तीसरे टेस्ट मैच में भारत ने जीत दर्ज की थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493