मुंबई, 12 दिसम्बर (आईएएनएस)। दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार ने अपने 94वें जन्मदिन पर अपने सभी प्रशंसकों को उनके द्वारा भेजे गए प्यार भरे संदेशों के लिए आभार जताया।
दिलीप कुमार ने रविवार रात ट्वीट कर कहा, “सभी प्यारे भरे संदेशों के लिए धन्यवाद।”
दिलीप कुमार रविवार को 94 वर्ष के हो गए। उन्हें पैर में सूजन होने के बाद बुधवार को लीलावती अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र में भर्ती कराया गया था।
अभिनेता ने कहा, “प्रशंसकों के प्यार, स्नेह व उनके द्वारा भेजे गए प्यारे संदेशों से उनके आंखों में आंसू आ गए।”
दिलीप साहब ने बॉलीवुड में अपनी करियर की शुरुआत 1944 में आई फिल्म ‘ज्वार भाटा’ से की थी। उनका नाम पहले मुहम्मद यूसुफ खान था। फिल्मों में आने के बाद उन्होंने अपना नाम दिलीप कुमार रख लिया। उन्हें पिछली बार 1998 में फिल्म ‘किला’ में बड़े पर्दे पर देखा गया था। दिलीप कुमार को 1994 में दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से नवाजा गया और 2015 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया।
दिलीप कुमार ने ‘देवदास’, ‘मुगल-ए-आजम’, ‘गंगा जमुना’, ‘क्रांति’ और ‘सौदागर’ जैसी कई हिट फिल्में दी हैं।
दिलीप ने पत्नी सायरा बानो के साथ अपनी एक तस्वीर भी साझा की जिसमें वह अस्पताल में केक काट रहे हैं।
उन्होंने तस्वीर के साथ कैप्शन में लिखा, “सायरा, केक काटने में मेरी मदद करती हुई।”
dharmpath.com dharmpath