इस्लामाबाद, 12 दिसम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तानी सेना ने लेफ्टिनेंट जनरल नवेद मुख्तार को अपनी खुफिया शाखा इंटर सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) के नए प्रमुख के रूप में नियुक्त किया है। वह कराची कोर के प्रमुख थे।
इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने रविवार देर शाम जारी अपनी अधिसूचना में कहा, “कराची कोर कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल नवेद मुख्तार का स्थानांतरण किया गया है और उन्हें इंटर सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) के महानिदेशक के रूप में पदस्थापित किया गया है।”
सेना की मीडिया शाखा ने कहा कि मुख्तार, लेफ्टिनेंट जनरल रिजवान अख्तर की जगह लेंगे जिन्हें इस्लामाबाद स्थित राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय (एनडीयू) के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया है।
ले.जनरल मुख्तार आर्म्ड कोर में साल 1983 में शामिल हुए थे। वह कमान एवं स्टाफ कॉलेज क्वेटा, राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय इस्लामाबाद और अमेरिकी युद्ध पाठ्यक्रम में स्नातक हैं। वह मैकेनाइज्ड प्रभाग की भी कमान संभाल चुके हैं।
लेफ्टिनेंट जनरल मुख्तार पहले इस्लामाबाद में आईएसआई की आतंकवाद विरोधी शाखा के प्रमुख रह चुके हैं।
सेना ने एक बड़े फेरबदल के तहत आईएसपीआर के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल असीम बाजवा का भी स्थानान्तरण कर दिया गया है। उन्हें रावलपिंडी स्थित सेना मुख्यालय में महानिरीक्षक शस्त्र के रूप में नियुक्त किया गया है। वह सेना के शीर्ष प्रवक्ता के रूप में साल 2012 से अपनी सेवा दे रहे थे।
रविवार को कुल नौ स्थानान्तरण की आधसूचना जारी की गई। मुख्तार की लेफ्टिनेंट जनरल के रूप में प्रोन्नति समेत सेनाध्यक्ष द्वारा सात मेजर जनरल को प्रोन्नत किए जाने के दो दिनों के बाद स्थानान्तरण की घोषणा की गई।
dharmpath.com dharmpath