नोमपेन्ह, 12 दिसम्बर (आईएएनएस)। फिलीपींस के राष्ट्रपति रोड्रिगो दुतेर्ते की नीतियों के खिलाफ सोमवार को सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। दुतेर्ते मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर कंबोडिया पहुंच रहे हैं।
समाचार एजेंसी एफे न्यूज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, नकाब पहने छह कार्यकर्ता नोमपेन्ह के केंद्र में स्थित रॉयल पैलेस के सामने इकट्ठा हुए। उन्होंने हाथों में तख्तियां ले रखी थीं, जिसपर मादक पदार्थो के खिलाफ दुतेर्ते के सख्त रुख की निंदा संबंधी बातें लिखी हुई थीं। इन प्रदर्शनकारियों के फिलीपींस का निवासी होने की बात कही जा रही है।
प्रदर्शनकारियों ने हाथ में तख्तियां ले रखी थीं जिन पर लिखा था, ‘दुतेर्ते मानवाधिकार का सम्मान करो और कानून का राज स्थापित करो’, ‘केवल मादक पदार्थ नहीं, गरीबी और भूख के खिलाफ भी जंग छेड़ो।’
इस प्रदर्शन में पुलिस के हस्तक्षेप करने या राहगीरों द्वारा उन पर ध्यान देने की कोई खबर नहीं है।
बीते 30 जून को दुतेर्ते के राष्ट्रपति बनने के बाद से लेकर अब तक फिलीपींस में ड्रग डीलरों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई में 5,900 लोग मारे जा चुके हैं।
मानवाधिकारों को लेकर की आलोचना से दुतेर्ते को कोई फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि अक्टूबर में कराए गए पल्स एशिया पोल में फिलीपींस के 86 फीसदी लोगों द्वारा उनपर विश्वास करने की बात सामने आई है।
dharmpath.com dharmpath