मां स्मिता को गौरवान्वित करना है : प्रतीक

मुंबई, 14 दिसंबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री स्मिता पाटिल के 30वें स्मृति दिवस पर उनके बेटे अभिनेता प्रतीक बब्बर ने उन्हें गौरवान्वित करने की कसम खाई है।

स्मिता ने दिग्गज अभिनेता और राजनेता राज बब्बर से शादी की थी। बेटे प्रतीक के जन्म के बाद प्रसव से जुड़ी परेशानियों से अभिनेत्री की 31 साल की उम्र में मौत हो गई थी।

अपनी मां को याद करते हुए प्रतीक ने इंस्टाग्राम पर उनकी तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “मेरी मां 30 साल पहले आज ही के दिन 13 दिसंबर को चल बसी थीं। उनकी भावना अब भी जीवित है और उसी की बदौलत आज मैं गर्व और सम्मान के साथ जी रहा हूं।”

प्रतीक का कहना है कि उनकी मां भगवान की बेटी हैं।

उन्होंने कहा, “भगवान लालची हो गए और उन्होंने मेरी मां को अपने पास बुला लिया। हां, वह उनके पास हैं। उन्होंने हमेशा अपने जीवन को गर्व और सम्मान के साथ जिया।”

प्रतीक ने लिखा, “स्मिता पाटिल 1955-1986। उनसे बहुत प्यार है और उतनी ही नफरत है कि वह यहां नहीं हैं।”

उन्होंने कहा, “एक महान महिला का बेटा! एक दिग्गज! जब तक वह गौरवान्वित नहीं होतीं, तब तक मैं आराम नहीं करूंगा।”

स्मिता पाटिल ‘मंथन’, ‘भूमिका’, ‘आक्रोश’, ‘चक्र’ और ‘मिर्च मसाला’ जैसी फिल्मों में जीवंत अदाकारी की मिसाल बन चुकी हैं।

उन्हें 1985 में देश के चौथे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।

उनके निधन के बाद उनकी 10 से ज्यादा फिल्में रिलीज हुई थीं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493