न्यूयॉर्क, 14 दिसम्बर (आईएएनएस)। बिल गेट्स ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप नवाचार के माध्यम से देश का नेतृत्व स्थापित कर सकते हैं।
एफे न्यूज के मुताबिक, गेट्स ने चैनल सीएनबीसी से कहा कि उन्होंने हाल ही में नवाचार की ताकत समेत अन्य मुद्दों पर ट्रंप से फोन पर चर्चा की थी।
गेट्स ने कहा, “मेरा पूरा करियर इसी पर आधारित रहा है। उनकी इस बारे में बात करने में रुचि थी। मुझे पूरा भरोसा है कि इस पर आगे भी बात होगी।”
गेट्स ने कहा कि राष्ट्रपति जॉन एफ. केनेडी ने अंतरिक्ष मिशन के बारे में बात की थी और देश को इसमें आगे ले गए थे। ट्रंप शिक्षा, स्वास्थ्य और ऊर्जा के क्षेत्र में नवाचार पर ध्यान दे सकते हैं।
गेट्स ने कहा, “इस बात का संदेश मिल सकता है कि ट्रंप प्रशासन चीजों को व्यवस्थित करेगा, नियामक बाधाओं को दूर करेगा और नवाचार के माध्यम से अमेरिकी नेतृत्व स्थापित करेगा।”
गेट्स ने फोन कॉल के अलावा मंगलवार को न्यूयॉर्क में ट्रंप से मुलाकात भी की। बाद में उन्होंने केवल इतना ही कहा कि उनकी ट्रंप से नवाचार को लेकर बात हुई थी और साथ ही इस पर भी बात हुई कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में क्या किया जा सकता है।
dharmpath.com dharmpath