चेन्नई, 19 दिसम्बर (आईएएनएस)। करुण नायर (नाबाद 303) के शानदार शतक की बदौलत भारत ने एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम में चल रहे पांचवें टेस्ट के चौथे दिन सोमवार को अपनी पहली पारी सात विकेट के नुकसान पर 759 रन बनाकर घोषित कर दी।
इसके बाद इंग्लैंड ने दिन का खेल खत्म होने तक अपनी दूसरी पारी में बिना विकेट गंवाए 12 रन बना लिए हैं। वह अभी भी मेजबानों से 270 रन पीछे है।
दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड के दोनों सलामी बल्लेबाज केटान जेनिंग्स नौ रन और कप्तान एलिस्टर कुक तीन रन बनाकर नाबाद लौटे।
भारत ने नायर और लोकेश राहुल (199) की नायाब शतकीय पारियों की बदौलत टेस्ट इतिहास में अपना सर्वोच्च स्कोर खड़ा किया। राहुल और नायर के अलावा भारत की इस रिकॉर्ड पारी में रविचंद्रन अश्विन (67) और रवींद्र जडेजा (51) का अहम योगदान रहा। तीसरा टेस्ट मैच खेल रहे नायर का यह पहला टेस्ट शतक था और पहले शतक के तौर पर तीहरा शतक लगाने वाले वह दुनिया के तीसरे और भारत के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
यह भारत का टेस्ट क्रिकेट की किसी पारी में अब तक का सर्वोच्च स्कोर भी है। इससे पहले भारत का सर्वोच्च स्कोर 726 रन था, जो उसने श्रीलंक के खिलाफ 2009 में मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में बनाए थे।
381 गेंदों में 32 चौके और चार छक्के की मदद से बेहतरीन पारी खेलने वाले नायर भारत की तरफ से टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक लगाने वाले वीरेंद्र सहवाग के बाद दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। नायर ने इस मैच में वी. वी. एस. लक्ष्मण (281) को पीछे छोड़ दिया।
नायर का यह स्कोर भारत की तरफ से टेस्ट क्रिकेट में तीसरा व्यक्तिगत सर्वोच्च स्कोर है। इसके अलावा नायर भारत के लिए टेस्ट में पांचवें नबर पर सर्वोच्च स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए। वह पांचवें नंबर पर दोहरा शतक लगाने वाले भारत के तीसरे बल्लेबाज हैं। उनसे पहले महेन्द्र सिंह धौनी और लक्ष्मण यह कारनामा कर चुके हैं।
भारत ने अपने तीसरे दिन के स्कोर 391 रनों पर चार विकेट से आगे खेलने शुरू किया। उसने पहले सत्र में मुरली विजय (29) का एकमात्र विकेट गंवाया। मुरली पिछले दिन के स्कोर चार विकेट पर 291 रनों में 44 रन और जोड़ने के बाद 435 के कुल योग पर लियाम डॉसन की गेंद पर पगबाधा करार दिए गए। इसके बाद अश्विन ने नायर का साथ थामा और भोजनकाल तक इंग्लैंड को विकेट नहीं लेने दिया।
दूसरे सत्र में नायर ने अपने 150 रन पूरे किए और अश्विन ने एक बार फिर बल्ले के अपने कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन कर अर्धशतक लगाया। दोनों ने छठे विकेट के लिए 181 रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी को स्टुअर्ट ब्रॉड ने तोड़ा। उन्होंने अश्विन को अंतिम सत्र में 616 के स्कोर पर जोस बटलर के हाथों कैच आउट कराया। अश्विन ने 149 गेंदें खेलीं और छह चौके तथा एक छक्का लगाया।
अश्विन के बाद जडेजा ने नायर के साथ पारी को आगे बढ़ाया। जडेजा ने इस दौरान तेजी से रन बटोरे और सिर्फ 55 गेंदों का सामना करते हुए एक चौका और दो छक्के लगाए। नायर और जडेजा ने सातवें विकेट के लिए 138 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। जडेजा 754 के कुल स्कोर पर लियाम डॉसन का शिकार बने।
इंग्लैंड के लिए स्टुअर्ट ब्रॉड और डॉसन ने दो-दो विकेट लिए। उनके अलावा मोइन अली, आदिल रशीद, और बेन स्टोक्स ने एक-एक विकेट लिया है।
इंग्लैंड ने पहली पारी में मोइन (146), जोए रूट (88), जॉनी बेयरस्टो (49), डॉसन (नाबाद 66) और राशिद (60) की बदौलत 477 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
पांच मैचों की श्रृंखला का यह आखिरी टेस्ट है। भारत ने पहले ही श्रृंखला 3-0 से बढ़त ले रखी है।
dharmpath.com dharmpath