3,500 लोगों ने युद्धग्रस्त अलेप्पो को छोड़ा

दमिश्क, 19 दिसम्बर (आईएएनएस)। उत्तरी सीरिया के अलेप्पो शहर में सोमवार को लोगों की निकासी बहाल होने के बाद से सरकार नियंत्रित क्षेत्रों से करीब 3,500 लोग जा चुके हैं।

ब्रिटेन के एक युद्ध निगरानी समूह ने यह जानकारी दी।

‘एफे’ की रिपोर्ट के अनुसार, इसी समझौते के तहत करीब 500 लोगों ने विद्रोही नियंत्रित शिया कस्बों को भी छोड़ दिया है।

सीरियान ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स (एसओएचआर) ने सोमवार को बताया कि सीरिया के सबसे बड़े शहर अलेप्पो के विद्रोही नियंत्रित अंतिम क्षेत्र से 65 बसें जा चुकी हैं।

वहीं, इदलिब में अलकायदा की सीरियाई शाखा आतंकवादी समूह अल-नुसरा फ्रंट के लड़ाकों से घिरे फुआ और केफराया को करीब 500 लोगों ने छोड़ दिया।

युद्धग्रस्त क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित निकालने के इस अभियान का आयोजन तुर्की समर्थित विपक्षी गठबंधन के साथ सीरिया सरकार समर्थक रूस और ईरान ने किया है।

यह अभियान शुक्रवार को संघर्षविराम के उल्लंघन के कारण रोक दिया गया था।

इसके बाद सीरिया में सरकार की तरफ से लड़ रहे ईरानी लड़ाकों द्वारा वार्ता की शुरुआत कर एक नए समझौते तक पहुंचा गया। इसमें फुआ और केफराया से लोगों की निकासी को भी शामिल किया गया।

अल-नुसरा से संबंधित जंग अल-असका समूह के लड़ाकों द्वारा शिया इलाकों से लोगों को निकालने के लिए पहुंची बसों को जलाने के बाद रविवार को निकासी अभियान को फिर रोक दिया गया। इसके बाद यह अभियान सोमवार को दोबारा शुरू हुआ।

एक चिकित्सक ने एफे न्यूज को बताया कि अभी भी युद्धग्रस्त इलाकों में 50 हजार लोग फंसे हुए हैं।

15 नवंबर से शुरू हुए सीरिया सरकार के सैन्य अभियान के बाद अलेप्पो के अधिकांश इलाकों पर अब सरकारी बलों का नियंत्रण हो गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493