आईएसएल विजेता कोलकाता का घर में शानदार स्वागत

कोलकाता, 19 दिसम्बर (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के तीसरे सीजन का खिताब जीतने के बाद अपने घर लौटी एटलेटिको दे कोलकाता का सोमवार को शानदार स्वागत किया गया।

टीम का हवाई अड्डे और शॉपिंग मॉल में जोरदार स्वागत हुआ।

कोलकाता ने रविवार को केरला ब्लास्टर्स को उसके घर में हराकर दूसरी बार आईएसएल का खिताब अपने नाम किया।

3000 खेल प्रेमियों की मौजूदगी में टीम के कोच जोस मोलिनो ने कहा, “धन्यवाद कोलकाता।”

कोलकाता के प्रशंसक इस दौरान अपने मोबाइल में सेल्फी कैद कर रहे थे।

बाद में मीडिया से मुखातिब होते हुए स्पेन के अग्रणी क्लब एटलेटिको मेड्रिड के पूर्व गोलकीपर ने कहा, “हम एक टीम के तौर पर खेले और एटीके के लिए हर किसी ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। एक कोच के तौर पर मेरा अनुभव शानदार रहा।”

एटलेटिको के मार्की खिलाड़ी हेल्डर पोस्टिगा को छोड़ कर दक्षिण अफ्रीका के समीघ दुती, बोत्स्वाना के डिफेंडर ओफेंटसे नाटो और पुर्तगाल के सेंटर बैक हेनरिक सेरेनो सहित सभी विदेशी खिलाड़ी मौजूद थे। साथ ही सभी भारतीय खिलाड़ी भी इस दौरान मौजूद रहे।

कोलकाता के लिए खेलने वाले कनाडा के स्ट्राइकर इयान ह्यूम ने कहा, “अब हमारी जर्सी पर दो स्टार हो गए हैं।”

कोलकाता ने आईएसएल के पहले सीजन का खिताब भी अपने नाम किया था। ह्यूम ने इस सीजन में टीम के लिए सबसे ज्यादा गोल किए हैं।

सभी अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी इस पल को अपने मोबाइल फोन के कैमरे में कैद कर रहे थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493