‘मंटो’ में दूसरी प्रमुख भूमिका के लिए सबने ‘ना’ कहा : नंदिता दास

मुंबई, 20 दिसंबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री और फिल्मकार नंदिता दास की फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी शीर्षक भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन उन्हें फिल्म के दूसरे प्रमुख किरदार के लिए अभिनेता के चयन में खासी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

नंदिता को उम्मीद थी कि उनकी फिल्म ‘मंटो’ में सादत हसन मंटो के करीबी दोस्त और शानदार कलाकार श्याम का किरदार निभाने के लिए कई युवा कलाकार तैयार होंगे, लेकिन उनका कहना है कि उन्होंने जिससे भी इस किरदार के लिए बात की उन सभी ने इस भूमिका के लिए मना कर दिया।

नंदिता ने ट्विटर पर ‘द वीक डॉट इन’ के लिए लिखे अपने लेख का लिंक साझा करते हुए लिखा, “मैंने जिस भी स्टार से इस किरदार के लिए बात की, उन सभी ने इसकी पटकथा पढ़े बिना या कोई सवाल पूछे बिना ही यह भूमिका निभाने से मना कर दिया था।”

लेख ‘नो श्याम इनसाइट’ में नंदिता ने लिखा है, “कम रूढ़िवादी निर्माताओं और लोकेशन ढूंढ़ने के अथक प्रयास के बीच एक और समस्या थी, जिसका मुझे अंदेशा भी नहीं था – मंटो के सबसे करीबी दोस्त श्याम की भूमिका के लिए किसी को चुनना।”

नंदिता ने लिखा, “मैंने सोचा था कि आकर्षक युवा अभिनेता श्याम का किरदार निभाना चाहेंगे। लेकिन मैंने जिन स्टार्स से भी बात की, उन सभी ने पटकथा पढ़े बिना या किरदार के बारे में कोई सवाल पूछे बिना ही यह भूमिका निभाने से मना कर दिया।”

नंदिता ने कहा, “इनकार करने के पीछे उनका एकमात्र कारण यह था कि श्याम को दूसरे प्रमुख किरदार के रूप में देखा जाएगा। क्योंकि मंटो का किरदार नवाजुद्दीन सिद्दीकी जैसे कुशल कलाकार निभा रहे हैं, इसलिए मैं सुनिश्चित करना चाहती थी कि श्याम का अभिनय करने वाला उससे कम न हो।”

नंदिता ने कहा कि इससे उन्होंने यह जाना कि स्टारडम का रास्ता प्रमुख भूमिका निभाने, प्रमुख महिला किरदार को पाने और क्लाइमेक्स में हीरो जैसा दिखने में है।

उन्होंने कहा, “मेरे लिए हमेशा रोमांच उन कहानियों का हिस्सा होने में रहा है, जो सुनाई जानी चाहिए और उन्हें अच्छी तरह सुनाने में है। लेकिन मेरी अपनी सोच है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493