एआईबीए ने मैरी कॉम और विकास कृष्ण को सम्मानित किया

मोंट्र (स्विट्जरलैंड), 21 दिसम्बर (आईएएनएस)। पांच बार विश्व चैम्पियन भारत की स्टार महिला मुक्केबाज मैरी कॉम को अंतर्राष्ट्रीय मुक्केबाजी महासंघ (एआईबीए) ने अपनी 70वीं वर्षगांठ पर बुधवार को लीजेंड अवार्ड देकर सम्मानित किया है।

वहीं भारत के ही पुरुष मुक्केबाज विकास कृष्ण को एआईबीए प्रो मुक्केबाजी में सर्वश्रेष्ठ मुक्केबाज का पुरुस्कार मिला है।

इस मौके पर भारत के दोनों ही मुक्केबाज नवगठित भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) के अध्यक्ष अजय सिंह के साथ मौजूद थे।

अजय ने एक बयान में कहा है, “भारत के लिए यह गर्व की बात है कि उसके दो मुक्केबाजों मैरी कॉम और विकास कृष्ण को वैश्विक स्तर पर अवार्ड मिला है।”

उन्होंने कहा, “बीएफआई, एआईबीए को उसकी 70वीं वर्षगांठ पर बधाई देती है। साथ ही अगले साल फरवरी में होने वाली एआईबीए की 71वीं बैठक की मेजबानी के लिए तैयार है।”

इसके अलावा इस समारोह में साल 2016 में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।

49 किलोग्राम भारवर्ग में ओलम्पिक में पुरुष एवं महिला श्रेणी में विजेता उजबेकिस्तान के हासानवॉय डुसमाटोव और ब्रिटेन की निकोला एडम्स को साल के सर्वश्रेष्ठ मुक्केबाज का खिताब मिला।

साल के सर्वश्रेष्ठ कोच का अवार्ड अमेरिका के कोच बिली वॉल्श को दिया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493