रणजी ट्रॉफी : गुजरात ने ओडिशा पर ली 310 रनों की बढ़त

जयपुर, 25 दिसम्बर (आईएएनएस)। जसप्रीत बुमराह की धारदार गेंदबाजी के बाद समित गोहेल (नाबाद 110) की नायाब शतकीय पारी की बदौलत गुजरात ने रणजी ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल मैच में ओडिशा पर दूसरी पारी के आधार पर 310 रनों की बढ़त हासिल कर ली है।

गुजरात ने मैच के तीसरे दिन रविवार को अपनी दूसरी पारी में तीन विकेट खोकर 246 रन बना लिए हैं।

समित के साथ मनप्रीत जुनेजा छह रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि प्रियांक पांचाल ने 81 रनों की उपयोगी पारी खेली।

पहली पारी में चिराग गांधी (81) और रुष कलारिया (73) की बदौलत 263 रन खड़ा करने के बाद गुजरात ने बुमराह सहित अपने गेंदबाजों के धारदार प्रदर्शन के बल पर ओडिशा की पहली पारी 199 रनों पर समेट दी और पहली पारी के आधार पर 64 रनों की बढ़त हासिल की।

ओडिशा 184 रन पर आठ विकेट से आगे खेलने उतरी, लेकिन कुल स्कोर में सिर्फ 15 रन जोड़कर ओडिशा के शेष दो बल्लेबाज भी पवेलियन लौट गए। दीपक बेहेरा 41 रन बनाकर अंत तक नाबाद रहे।

बुमराह ने 41 रन देकर पांच विकेट चटकाए, जबकि कलारिया और हार्दिक पटेल को दो-दो विकेट मिले। रूजुल भट्ट को एक विकेट मिला।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493