मैक्ग्रा नो कोहली को चुना अपनी ड्रीम टीम का कप्तान

सिडनी, 29 दिसम्बर (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया के दिग्गज गेंदबाज ग्लैन मैक्ग्रा ने वर्ष की अपनी ड्रीम टेस्ट टीम के लिए विराट कोहली को कप्तान चुना है।

मैक्ग्रा ने गुरुवार को अपनी ‘टेस्ट टीम ऑफ ईयर’ की घोषणा की।

उन्होंने अपनी 12 सदस्यीय इस ड्रीम टीम में भारत के ऑफ स्पिन गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन को भी चुना है।

कोहली और अश्विन के अलावा मैक्ग्रा की टीम में कोई और भारतीय खिलाड़ी नहीं है। मैक्ग्रा ने डेविड वार्नर, स्टीवन स्मिथ, मिशेल स्टार्क के तौर पर तीन आस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को शामिल किया है।

इंग्लैंड के जोए रूट, बेन स्टोक्स, स्टुअर्ट ब्रॉड और विकेटकीपर जॉनी बेयरस्टो भी मैक्ग्रा की टीम में जगह बनाने में सफल हुए हैं।

न्यूजीलैंड टेस्ट टीम के कप्तान केन विलियमसन, पाकिस्तान के यासिर शाह और दक्षिण अफ्रीका के कागिसो रबादा को भी मैक्ग्रा की टेस्ट टीम में जगह मिली है।

कोहली को हाल ही में आईसीसी की एकदिवसीय टीम का कप्तान चुना गया है। वह पूरे साल शानदार फॉर्म में रहे और खेल के हर प्रारूप में रन बनाते रहे।

कोहली की कप्तानी में भारतीय टेस्ट टीम ने इस साल 12 टेस्ट मैच खेले जिनमें से नौ में जीत हासिल की, जबकि तीन ड्रॉ रहे।

कोहली ने इस साल टेस्ट में 1,215 रन बनाए, जिसमें चार शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। इन चार शतकों में से वह तीन को दोहरे शतक में बदलने में कामयाब रहे।

वहीं अश्विन ने इस साल भारत की जीत में बल्ले और गेंद दोनों से अहम भूमिका निभाई। वह इस साल 12 टेस्ट मैचों में 72 विकेट अपने नाम करने में सफल रहे।

क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) की आधिकारिक वेबसाइट पर गुरुवार को मैक्ग्रा के हवाले से कहा गया है, “मैंने इस टीम का चयन सिर्फ आंकड़ों के आधार पर नहीं किया है। आंकड़े जरूरी हैं लेकिन यह आपके व्यवहार पर बहुत हद तक निर्भर करता है। आप किस तरह खुद को मैच में बनाए रखते हैं और इसका मैच पर कितना प्रभाव पड़ता है, यह बात मायने रखती है।”

उन्होंने कहा, “मेरे लिए आंकड़ों से ज्यादा यह बात मायने रखती है। लेकिन अगर आपके पास दोनों हैं तो आपके पास पूर्ण खिलाड़ी है, पूर्ण टीम है और मैं इस टीम के साथ खुश हूं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493