टी-20 क्रिकेट के विकास से खुश हैं ड्वेन स्मिथ

ब्रिजटाउन (बारबाडोस), 5 जनवरी (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज के टी-20 के दिग्गज बल्लेबाज ड्वेन स्मिथ ने क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप की प्रशंसा की है।

स्मिथ ने कहा कि इस प्रारूप से उन खिलाड़ियों को प्रतिभा के प्रदर्शन का मौका मिलता है, जो अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपने करियर का विस्तार नहीं कर पाते।

सीएमसी की रिपोर्ट के अनुसार, वेस्टइंडीज के 33 वर्षीय क्रिकेट खिलाड़ी ने अपने करियर में अब तक 10 टेस्ट और 105 एकदिवसीय मैच खेले हैं, लेकिन उन्होंने स्वयं को टी-20 क्रिकेट में इस तरह ढाल लिया कि वह आज के दौर में कई देशों की घरेलू टी-20 लीग में खेल रहे हैं।

डर्बन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए अपने पहले टेस्ट मैच में शतक लगाने के साथ ही स्मिथ शीर्ष स्तर के खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए। लेकिन, इसके बाद वह अपनी अगली 12 पारियों में अर्धशतक भी नहीं लगा सके और टीम से निकाल दिए गए।

‘लाइन एंड लेंथ नेटवर्क’ को दिए बयान में स्मिथ ने कहा, “मैं यह नहीं कहूंगा कि टेस्ट क्रिकेट ज्यादा नहीं खेल पाने का मुझे अफसोस है। मैं अफसोस में नहीं जीता।”

स्मिथ ने कहा, “मैं केवल एक चीज कहूंगा कि मुझे टी-20 क्रिकेट के विकास से खुशी है, जिसमें कई युवा खिलाड़ी उभरकर आए हैं और कुछ ऐसे खिलाड़ी भी सामने आए हैं, जिनका अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर करियर सीमित रहा है। मेरे लिए तो टी-20 क्रिकेट का वजूद में आना सबसे बेहतर बात रही।”

स्मिथ ने अपने अब तक के करियर में 275 टी-20 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने तीन शतकों के साथ 6,408 रन बनाए है। उनका स्ट्राइक रेट 127 का है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493