मणिुपर : संपादकों को धमकाने वाले संगठन का पता चला

इंफाल, 10 जनवरी (आईएएनएस)। मणिपुर पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए स्थानीय संपादकों को धमकी देने वाले आतंकवादी संगठन का पता लगा लिया है।

26 दिसंबर को सांध्य दैनिक-पंदम न्यूज के कार्यालय में एक हैंड ग्रेनेड मिला, जिसके साथ एक संदेश छोड़ा गया था। संदेश में ‘संपादकों को नववर्ष की शुभकामनाएं’ लिखा था। इसके बाद 27 दिसंबर से स्थानीय पत्रकार 24 घंटे की काम रोको हड़ताल पर चले गए थे।

पुलिस ने सोमवार शाम को प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन ‘कंगलेपक मार्क्‍सवादी पार्टी’ के सक्रिय कार्यकर्ता मोहन कंगबम (63) को गिरफ्तार कर लिया। उसके घर से कुछ जबरन वसूली के पत्र और संदिग्ध वस्तुएं बरामद हुई हैं।

अर्धसैनिक बल असम राइफल्स के एक प्रवक्ता ने कहा कि छह संगठनों की शीर्ष संस्था कोरकॉम ने स्थानीय संपादकों को धमकी दी थी।

पुलिस ने कहा, “मोहन ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसने बताया कि उसने संगठन के प्रमुख कमांडर एल. मंगोलजाओ उर्फ लमयंबा खुमान के निर्देश पर समाचार पत्र के कार्यालय में हैंड ग्रेनेड रखा था। माना जा रहा है कि खुमान फिलहाल नेपाल में छिपा है।”

इंफाल पश्चिम के अतिरिक्ति पुलिस अधीक्षक (अभियान) एस. इबोम्चा के नेतृत्व में एक विशेष खोजबीन अभियान संचालित किया गया था।

सांध्य दैनिक कांगला पाओ के संपादक पी. लबंगो मंगैंग ने मंगलवार को आईएएनएस को बताया कि मणिपुर संपादक संघ को अभी तक पुलिस से कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है।

उन्होंने कहा, “सशस्त्र बल के अधिकारियों और अन्य से हमारी अपील है कि उग्रवाद प्रभावित इस राज्य में दबाव के बीच काम कर रहे पत्रकारों को परेशान न करें। हमें स्वतंत्र रूप से अपने कर्तव्य का निर्वाह करने दिया जाना चाहिए।”

पुलिस ने कहा कि आगामी चुनाव में उम्मीदवारों को जबरन वसूली की धमकी दिए जाने की खबरों के बीच जिले में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493