ट्रंप के स्वास्थ्य मंत्री पर कंपनी को लाभ पहुंचाने का आरोप

लंदन, 17 जनवरी (आईएएनएस)। अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा स्वास्थ्य मंत्री नामित किए गए टॉम प्राइस पर एक कंपनी को लाभ पहुंचाने की कोशिश करने का आरोप लगा है।

आरोप है कि जार्जिया से सांसद प्राइस ने स्वास्थ्य उपकरण बनाने वाली उस कंपनी के शेयर खरीदे, जिसे कथित रूप से लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से उनके द्वारा एक विधेयक पेश किया गया था। विधेयक पेश करने से पहले उन्होंने कंपनी के शेयर खरीदे थे।

सीएनएन की सोमवार की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जॉर्जिया से रिपब्लिकन पार्टी के सांसद टॉम प्राइस ने बीते साल मार्च में जिम्मर बायोमेट कंपनी के 1001 डॉलर से 15,000 डॉलर कीमत के बीच शेयर खरीदे। यह कंपनी घुटने व कूल्हा प्रत्यारोपण से संबंधित उपकरणों का निर्माण करती है।

लेनदेन के एक सप्ताह से भी कम समय में प्राइस ने एचआईपी अधिनियम के तहत विधेयक पेश किया। यह एक ऐसा विधेयक था जो सेंटर फार मेडिकेयर एंड मेडिकेड सर्विसेज (सीएमएस) नियमन का क्रियान्वयन 2018 तक टाल सकता था। औद्योगिक विश्लेषकों ने चेतावनी दी कि अगर यह अधिनियम एक बार लागू हो गया होता, तो इससे जिम्मर बायोमेट कंपनी को काफी नुकसान होता।

प्रेस रिपोर्ट तथा कांग्रेस के सूत्रों के मुताबिक, जिम्मर बायोमेट उन दो कंपनियों में से एक थी, जिसे नए सीएमएस नियमन से सर्वाधिक नुकसान होता।

सीएमएस नियमन से जिम्मर बायोमेट तथा अन्य कंपनियों को राहत पहुंचाने के लिए प्राइस द्वारा पेश विधेयक के बदले में कंपनी की पॉलिटिकल एक्शन कमेटी ने कांग्रेस सदस्य (प्राइस) के पुनर्निर्वाचन के लिए धन दान में दिया।

केंपेन लीगल सेंटर के लैरी नोबल ने सीएनएन से कहा, “इससे स्पष्ट होता है कि कांग्रेस के सदस्य के रूप में आपने वित्तीय लाभ के लिए अपने प्रभाव का इस्तेमाल किया।”

उन्होंने कहा, “अगर उन्हें विधेयक में विश्वास था, तो उन्हें शेयर नहीं खरीदना चाहिए था।”

प्राइस के प्रवक्ता फिल ब्लांडो ने नामित स्वास्थ्य मंत्री द्वारा जिम्मर बायोमेट के शेयर के खरीदने को लेकर प्रारंभ में सीधी प्रतिक्रिया नहीं दी। इसके बजाय उन्होंने पिछले सप्ताह यूएस ऑफिस ऑफ गवन्र्मेट एथिक्स द्वारा प्राइस की वित्तीय संपत्तियों की व्यापक समीक्षा की ओर इशारा किया।

ब्लांडो ने कहा, “लोगों का विश्वास बनाए रखने को लेकर प्राइस बेहद गंभीर हैं। ऑफिस ऑफ गवर्नमेंट एथिक्स ने प्राइस की फाइनेंशियल होल्डिंग्स की विस्तृत समीक्षा की है। प्राइस ने कांग्रेस के प्रकटीकरण नियमों का पालन किया। वह एथिक्स कार्यालय की सिफारिशों का पूरी तरह पालन करेंगे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493