ह्यूस्टन, 18 जनवरी (आईएएनएस)। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज एच.डब्ल्यू बुश को बुधवार को यहां अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें किन कारणों से अस्पताल में भर्ती कराया गया, फिलहाल इसका खुलासा नहीं किया गया है।
बुश के कार्यालय के चीफ ऑफ स्टाफ ज्यां बेकर ने बताया कि 92 वर्षीय पूर्व राष्ट्रपति यहां मेथडिस्ट हॉस्पीटल में भर्ती हैं। उनकी हालत स्थिर है और उनमें ‘सुधार’ हो रहा है।
केएचओयू 11 न्यूज ने बेकर के हवाले से कहा कि बुश को अगले दो दिनों में अस्पताल से छुट्टी मिल जाने और उनके घर आ जाने की उम्मीद है।
बुश अमेरिका के सबसे बुजुर्ग जीवित पूर्व राष्ट्रपति हैं। साल 2015 में गिर जाने से उनकी गर्दन की हड्डी टूट गई थी, जिसके बाद उन्हें करीब एक सप्ताह तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा था।
वह पार्किन्संस बीमारी के एक प्रकार से पीड़ित हैं और चलने-फिरने के लिए व्हील चेयर का इस्तेमाल करते हैं।
dharmpath.com dharmpath