बेंगलुरू, 18 जनवरी (आईएएनएस)। अपने फील्ड कर्मचारियों या ‘विशमास्टर्स’ की सुरक्षा के लिए ई-कॉमर्स प्लेटफार्म फ्लिपकार्ट ने बुधवार को ‘नानजुंदा परियोजना’ की शुरुआत की जो उन्हें किसी आपातकालीन परिस्थिति में अलार्म बजाने में सक्षम बनाता है।
इस परियोजना का नाम ‘विशमास्टर’ नानजुंदा स्वामी के नाम पर रखा गया हैं, जिनकी हाल में यहां विजयनगर में हत्या कर दी गई थी।
फ्लिपकार्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नितिन सेठ ने एक बयान में कहा, “विशमास्टर नानजुंदा स्वामी के निधन के बाद के दिनों में हमारी टीम ने दिन रात काम कर एक महीने से भी कम समय में इस फीचर को विकसित करने में सफलता पाई है। ताकि हमारे फील्ड स्टॉफ डिलिवरी करने के दौरान सुरक्षित रहें।”
इस परियोजना के तहत विशमास्टर्स के मोबाइल फोन में एक एप स्थापित किया गया है, जिसमें एसओएस बटन है जिसका नाम ‘नानजुंदा’ रखा गया है।
आपात परिस्थितियों में फ्लिपकार्ट के फील्ड कर्मी ‘नानजुंदा’ बटन दबाकर हब इंचार्ज और नजदीकी फील्ड कर्मियों को एसएमएस और नोटिफिकेशन भेजकर सूचना दे सकेंगे।
कंपनी ने बताया कि इसे चलाने के लिए किसी डेटा की नहीं, बल्कि केवल मोबाइल नेटवर्क की जरूरत होती है। इसके कारण यह देश भर के किसी भी हिस्से में काम कर पाने में सक्षम है।
dharmpath.com dharmpath