पर्थ एकदिवसीय : पाकिस्तान ने आस्ट्रेलिया के सामने रखा 264 रनों का लक्ष्य

पर्थ, 19 जनवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने वाका मैदान पर जारी तीसरे एकदिवसीय मैच में आस्ट्रेलिया के सामने 264 रनों का लक्ष्य रखा है।

टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने पांच एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला के तीसरे मैच में निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 263 रन बनाए।

पाकिस्तान के लिए बाबर आजम (84) और शर्जील खान (50) ने सबसे अधिक रन बनाए, वहीं शोएब मलिक ने 39 और उमर अकमल ने 39 रनों का योगदान दिया।

पाकिस्तान की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। टीम ने 36 के कुल योग पर कप्तान मोहम्मद हफीज (4) को खो दिया। शर्जील ने आजम के साथ पारी को आगे बढ़ाते हुए स्कोर 85 तक पहुंचाया। इसी स्कोर पर शर्जील आउट हो गए। 99 के कुल स्कोर पर असद शफीक (5) के रूप में पाकिस्तान ने अपना तीसरा विकेट खोया। इसके बाद शोएब मलिक और बाबर आजम ने चौथे विकेट के लिए 63 रनों की अहम साझेदारी कर टीम का स्कोर 162 तक पहुंचाया।

बिली स्टानलेक ने शोएब को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। पांचवें विकेट के लिए आजम और अकमल के बीच 60 रनों की साझेदारी हुई। पाकिस्तान का पांचवां विकेट आजम के रूप में गिरा। आजम के आउट होने के बाद अकमल भी अधिक देर तक मैदान पर नहीं टिक पाए और 244 के कुल योग पर आउट होकर पवेलियन लौट गए। दो रन बाद इमाद वसीम को पैट कमिंस ने पवेलियन की राह दिखाई।

इसके बाद मोहम्मद रिजवान ने नाबाद रहते हुए 14 और मोहम्मद आमिर ने नाबाद रहते हुए चार रन बनाए और टीम का स्कोर 263 रनों तक पहुंचाया।

आस्ट्रेलिया के लिए जोश हाजलेवुड ने सबसे अधिक तीन विकेट चटकाए। इसके अलावा, ट्रेविस हेड ने दो तथा कमिंस और स्टानलेक को एक-एक सफलता हासिल हुई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493