मेलबर्न, 19 जनवरी (आईएएनएस)। आस्ट्रेलियन ओपन के पुरुष एकल वर्ग में गुरुवार को उज्बेकिस्तान के खिलाड़ी डेनिस इस्टोमिन के हाथों उलटफेर का शिकार होकर बाहर हुए विश्व के दूसरी वरीयता प्राप्त नोवाक जोकोविक का कहना है कि इस्टोमिन इस जीत के हकदार थे।
उल्लेखनीय है कि टूर्नामेंट में दूसरे दौर के मुकाबले में वाइल्ड कार्ड से प्रवेश करने वाले विश्व के 117वीं वरीयता प्राप्त इस्टोमिन ने सर्बिया के स्टार टेनिस खिलाड़ी जोकोविक को पांच सेटों में 7-6(8), 5-7, 2-6, 7-6(5), 6-4 से मात दी।
टेनिस पेशेवर संघ (एटीपी) ने जोकोविक के हवाले से कहा, “इस्टोमिन ने बेहद ही शानदार प्रदर्शन दिया। वह इस जीत के हकदार थे। इसमें कोई शक नहीं है कि उस पल में वह एक बेहतर खिलाड़ी थे। उन्होंने बेहद आक्रामक खेल दिखाया।”
जोकोविक ने कहा, “इससे अधिक मैं कुछ नहीं कर सकता। निश्चित तौरक पर मैं अपने प्रदर्शन से बिल्कुल भी खुश नहीं हूं, लेकिन आज मैं अपने प्रतिद्वंद्वी इस्टोमिन को बधाई देना चाहता हूं।”
dharmpath.com dharmpath