कोलकाता एकदिवसीय : साख बचाने उतरेगा इंग्लैंड

कोलकाता, 22 जनवरी (आईएएनएस)। तीन एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला शुरुआती दो मैच हार कर गंवा चुकी मेहमान टीम इंग्लैंड आज ईडन गरडस स्टेडियम में भारत के खिलाफ अपनी साख बचाने उतरेगी।

वहीं भारत की नजरें तीसरे मैच में भी जीत हासिल कर इंग्लैंड को क्लीन स्वीप करने पर होंगीं।

आखिरी मैच में ईंडन गार्डंस स्टेडियम में भारत की टीम जब रविवार को इंग्लैंड के खिलाफ उतरेगी तो उसके दिमाग में आने वाली चैम्पियंस ट्रॉफी के लिए अपने आप को परखने की होगी।

जून में भारत को चैम्पियंस ट्रॉफी खेलनी है और इस मैच के बाद भारत को चैम्पियंस ट्रॉफी से पहले कोई और एकदिवसीय श्रृंखला नहीं खेलनी है। ऐसे में मुख्य कोच अनिल कुंबले और कप्तान विराट कोहली के पास अपनी टीम को परखने का यह आखिरी मौका भी होगा।

भारतीय टीम ने अभी तक शानदार प्रदर्शन किया है। पहले मैच में विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए कोहली और केदार जाधव ने टीम को जीत दिलाई तो दूसरे मैच में युवराज सिंह और महेन्द्र सिंह धौनी ने टीम की जीत की नींव रखी।

मेजबानों के लिए सबसे बड़ी समस्या सलामी जोड़ी का विफल रहना रहा है। शिखर धवन और लोकेश राहुल बल्ले से टीम के लिए न के बराबर योगदान दे पाए हैं।

तीसरे मैच से पहले धवन की उंगली की चोट उन्हें मैदान पर उतरने से रोक सकती है। ऐसे में अंजिक्य रहाणे, राहुल के साथ पारी का आगाज कर सकते हैं।

भारतीय टीम की मुख्य चिंता उसकी गेंदबाजी है। पुणे और कटक में खेले गए दोनों मैचों में भारतीय गेंदबाजों की अच्छी धुनाई हुई थी। कोहली को इस मैच में अपने गेंदबाजों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

रविचन्द्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा की स्पिन जोड़ी टेस्ट की फॉर्म को अभी तक इस श्रृंखला में दोहराने में नाकामयाब रही है।

वहीं मेहमान टीम के बल्लेबाजों ने इस श्रृंखला में अच्छा प्रदर्शन किया है। दोनों मैचों में उसके बल्लेबाज 350 का आंकड़ा पार करने में कामयाब रहे। हालांकि उसे तीसरे मैच से पहले एक बड़ा झटका लगा है। टीम के सलामी बल्लेबाज एलेक्स हेल्स चोटिल हो कर भारत दौर से बाहर हो गए हैं।

लेकिन मोर्गन, अली, जेसन रॉय, जोए रूट, जॉनी बेयरस्टो ऐसे बल्लेबाज हैं जो बड़ा स्कोर करने का दम रखते हैं।

भारत की तरह ही इंग्लैंड के गेंदबाजों ने भी उसे सिर्फ निराश ही किया है। लेकिन आखिरी मैच में इंग्लिश टीम की कोशिश एक मैच जीत कर अपनी साख बचाने की होगी।

पिछले दो मैचों की पिचों की तरह ही ईडन गरडस स्टेडियम की पिच पर भी रनों की बरसात की उम्मीद है।

टीमें (संभावित) :

भारत :- विराट कोहली (कप्तान), महेंद्र सिंह धौनी (विकेटकीपर), शिखर धवन, युवराज सिंह, अंजिक्य रहाणे, लोकेश राहुल, रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह, केदार जाधव, भुवनेश्वर कुमार, अमित मिश्रा, मनीष पांडे, हार्दिक पांड्या, उमेश यादव।

इंग्लैंड :- इयोन मोर्गन (कप्तान), जेसन रॉय, जोस बटलर (विकेटकीपर), जैक बॉल, क्रिस वोक्स, बेन स्टोक्स, जोए रूट, मोइन अली, सैम बिलिंग्स, जॉन बेयरस्टो, लियाम डॉसन, लियाम प्लंकेट, आदिल राशिद, डेविड विले।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493