‘रंगून’ के लिए शाहिद ने रौनक पंडित से सीखी निशानेबाजी

मुंबई, 23 जनवरी (आईएएनएस)। अभिनेता शाहिद कपूर को आगामी फिल्म ‘रंगून’ में एक सैनिक के किरदार में देखा जाएगा। उन्होंने इस फिल्म के लिए निशानेबाजी का प्रशिक्षण रौनक पंडित से लिया है।

रौनक ने 2006 राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुषों के 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था।

शाहिद ने रौनक से निशानेबाजी की मूल बातें सीखने के साथ-साथ बंदूक को पकड़ने के तरीकों को भी सीखा।

अपने एक बयान में रौनक ने कहा, “निशानेबाजी कहीं न कहीं शाहिद के खून में है। मैंने मलाड और वर्ली के केंद्रों में उन्हें एक सप्ताह तक निशानेबाजी का प्रशिक्षण दिया। उन्हें बंदूक के इस्तेमाल को समझाने के लिए कई अभ्यास भी किए। हमने वहीं प्रक्रिया सिखाई, जिसका अभ्यास हम ओलम्पिक खेलों के लिए करते हैं।”

शाहिद की लगन के बारे में रौनक ने कहा, “अभिनेता बेहद ही प्रतिभाशाली हैं और उन्होंने निशानेबाजी की मूल चीजों को काफी जल्दी सीखा और उनकी फिटनेस ने इस कार्य को और भी आसान कर दिया।”

विशाल भारद्वाज निर्देशित फिल्म ‘रंगून’ द्वितीय विश्वयुद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इस फिल्म में कंगना रनौत और सैफ अली खान भी मुख्य भूमिका में हैं।

शाहिद अभिनीत फिल्म 24 फरवरी को रिलीज होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493