हैदराबाद, 24 जनवरी (आईएएनएस)। पवन कल्याण, साई धरम तेज, वरुण तेज और संदीप किशन जैसे लोकप्रिय तेलुगू कलाकारों ने आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने के लिए तत्काल मंजूरी के संबंध में अपने समर्थन की घोषणा की है।
आंदोलन का नेतृत्व पवन कल्याण कर रहे हैं, अभिनेता ने कहा है कि उनकी पार्टी जन सेना गुरुवार को विशाखापत्तनम में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन का समर्थन करेगी।
पवन कल्याण ने ट्वीट कर कहा, “अगर आंध्र प्रदेश के युवा आर.के. बीच पर मौन विरोध प्रदर्शन करने की योजना बना रहे हैं तो जन सेना उनका समर्थन करेगी।”
मंगलवार को अभिनेता ने आंदोलन के समर्थन एक विशेष गीत ‘देश बचाओ’ जारी किया था।
यह गीत आधिकारिक रूप से उनकी पार्टी के यूट्यूब चैनल पर जारी किया गया।
फिलहाल तेलुगू रोमांटिक फिल्म ‘मिस्टर’ का शूटिंग कर रहे अभिनेता वरुण तेज ने ट्वीट किया, “जो भी हमारे राज्य के लोगों के हित में होगा उसका समर्थन करूंगा। मैं आंध्र प्रदेश के लिए विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग का समर्थन करता हूं।”
साई धरम तेज ने लिखा, “यह समय हम सबके लिए एकजुट होकर जो वादे हमसे किए गए हैं व जिसे पाने के हम अधिकारी है, उसके लिए लड़ाई लड़ने का है। मैं आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग का समर्थन करता हूं।”
अभिनेता संदीप किशन ने मौन विरोध प्रदर्शन में भाग लेने की पुष्टि की।
संदीप ने ट्वीट किया, “बतौर जिम्मेदार नागरिक 26 जनवरी को विशाखापट्टनम में होने वाले मौन विरोध प्रदर्शन में भाग लूंगा। कृपया हमारे साथ शामिल हों।”
dharmpath.com dharmpath