मुंबई, 24 जनवरी (आईएएनएस)। नीदरलैंड्स के फॉरवर्ड रॉबर्ट कैम्परमैन द्वारा अंतिम 30 सेकेंड में किए गए शानदार फील्ड गोल की बदौलत दबंग मुंबई ने हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के पांचवें संस्करण में मंगलवार को उत्तर प्रदेश विजार्ड्स को रोमांचक मुकाबले में 4-3 से मात दे दी।
यह मुंबई की इस संस्करण में पहली जीत है। विजार्ड्स का इस संस्करण का यह पहला मैच था जिसमें उसे हार मिली।
इस जीत के बाद मुंबई के दो मैचों से सात अंक हो गए हैं और वह छह टीमों की अंकतालिका में दूसरे स्थान पर आ गया है।
मेजबान मुंबई ने पहले क्वार्टर से ही विजार्ड्स पर दबाव बनाकर रखा और कई आक्रमण किए। लेकिन आक्रामक खेल का मुंबई को उल्टे नुकसान हुआ और मैच का पहला गोल उनके खिलाफ हो गया।
मैच के 12वें मिनट में विजार्ड्स की टीम ने तेजी दिखाई और मेजबानों के घेरे में धावा बोला, उसे सफलता मिली और एडवर्ड्स ओकेडन के पास पर आगस्टिन माजिलि ने शानदार फील्ड गोल कर विजार्ड्स का खाता खोला और 2-0 की बढ़त ले ली।
गौरतलब है कि एचआईएल में एक फील्ड गोल को दो गोल माना जाता है।
दूसरे क्वार्टर में विजार्ड्स की टीम बढ़त होने के कारण आत्मविश्वास से भरी लग रही थी। वहीं मुंबई बराबरी करने को उतारू थी। मैच के 24वें मिनट में मैच का पहला पेनाल्टी कॉर्नर मुंबई को मिला और हरमनप्रीत सिंह ने विश्व के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपरों में से एक पी. आर. श्रीजेश को छकाते हुए गोल दाग अपनी टीम का खाता खोला। हालांकि मेजबान अभी भी 1-2 से पीछे थे।
तीसरे क्वार्टर में मुंबई को एक और पेनाल्टी कॉर्नर मिला, हरमनप्रीत इस बार भी नहीं चूके। इस पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदल कर उन्होंने अपनी टीम को 2-2 से बराबरी पर ला दिया। इससे पहले विजार्ड्स को भी पेनाल्टी कॉर्नर मिला था, लेकिन शॉट गोलपोस्ट से बाहर चला गया था।
मेजबान टीम के पास अपनी पहली जीत दर्ज करने का बेहतरीन मौका चौथे क्वार्टर में आया। मैच खत्म होने में छह मिनट का समय बाकी था। मुंबई की टीम पेनाल्टी कॉर्नर हासिल करने में सफल रही, लेकिन इस बार श्रीजेश ने शानदार बचाव किया।
विजार्डस ने भी 58वें मिनट में विजयी गोल करने का मौका गंवाया। इसी के तुरंत बाद विजार्ड्स की टीम पेनाल्टी कॉर्नर लेने में सफल रही और रमनदीप ने इस पर गोल करते हुए अपनी टीम को 3-2 से आगे कर दिया।
विजार्ड्स की जीत पक्की लग रही थी लेकिन अंत के 30 सेकेंड में मुंबई ने पलटवार करते हुए फील्ड गोल दागा। गुरमैल के पास पर केम्परमैन ने शानदार फील्ड गोल कर अपनी टीम को रोमांचक जीत दिलाई।
dharmpath.com dharmpath