लॉस एंजेलिस, 25 जनवरी (आईएएनएस)। हॉलीवुड अभिनेत्री नेओमी हैरिस का कहना है कि फिल्म ‘मूनलाइट’ में काम करना उनके लिए एक सुखद एहसास रहा, क्योंकि फिल्म से जुड़े कलाकार और यूनिट का कोई भी सदस्य इसमें धन के लिए काम नहीं कर रहा था।
वेबसाइट ‘फीमेलफर्स्ट डॉट कॉ डॉट यूके’ के मुताबिक, 40 वर्षीया अभिनेत्री ने बड़े बजट की फिल्म ‘स्पेक्टर’ में काम कर प्रसिद्धि पाई थी, लेकिन उनका कहना है कि हालिया फिल्म में काम करना ज्यादा शानदार रहा, क्योंकि फिल्म के कलाकार व यूनिट के सदस्य मेहनताना मिलने से ज्यादा अपने काम पर ध्यान दे रहे हैं।
हैरिस ने टीवी शो ‘लॉरेन’ में कहा, “यह शानदार था, मुझे यह बहुत अच्छा लगा। यह सुखद अहसास कराने वाला था, क्योंकि यह सिर्फ काम के बारे में था, कोई भी वहां भुगतान चेक के लिए काम नहीं कर रहा था और किसी को भी इस फिल्म ने जितना अच्छा प्रदर्शन किया है, वैसा प्रदर्शन करने की उम्मीद नहीं थी। यह हमारे लिए प्रयोगात्मक था। हम बस कहानी कहने को लेकर जुनूनी थे।”
फिल्म ‘मूनलाइट’ एक ऐसे युवक की कहानी है, जो इस दुनिया में अपना मुकाम हासिल करने के लिए संघर्ष करता है।
हैरिस ने सिर्फ तीन दिनों में अपने दृश्यों की शूटिंग पूरी कर ली, क्योंकि वह फिल्म ‘स्पेक्टर’ के प्रचार के सिलसिले में महीने भर तक चलने वाले प्रमोशन टूर में व्यस्त थीं।
dharmpath.com dharmpath