मेलबर्न, 25 जनवरी (आईएएनएस)। पूर्व सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त स्पेन के टेनिस स्टार राफेल नडाल ने साल के पहले ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट आस्ट्रेलियन ओपन के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है।
लंबे समय से खराब दौर से गुजर रहे नौवीं विश्व वरीयता प्राप्त नडाल ने विश्व के तीसरी वरीयता प्राप्त मिलॉस राओनिक को मात दी। नडाल ने बुधवार को खेले गए मैच में कनाडा के राओनिक को 6-4, 7-6(9-7), 6-4 से मात दी और सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
14 ग्रैंड स्लैम विजेता नडाल कई वर्षो से खराब फॉर्म और चोटों से जूझते रहे हैं। आखिरी बार 2009 में उन्होंने यहां खिताब जीता था। टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में शुक्रवार को स्पेनिश खिलाड़ी का सामना ग्रिगोर दिमित्रोव से होगा।
नडाल ने अपना पिछला ग्रैंड स्लैम फ्रेंच ओपन के रूप में 2014 में जीता था। चोटों से जूझ रहे नडाल के भविष्य पर संकट के बादल मंडरा रहे थे, लेकिन आस्ट्रेलियन ओपन के सेमीफाइनल में जगह बनाने के साथ ही उन्होंने सभी अटकलों को खारिज कर दिया।
dharmpath.com dharmpath