रांची, 26 जनवरी (आईएएनएस)। रांची रेज ने गुरुवार को हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के पांचवें संस्करण में अपनी पहली जीत दर्ज की।
रांची, 26 जनवरी (आईएएनएस)। रांची रेज ने गुरुवार को हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के पांचवें संस्करण में अपनी पहली जीत दर्ज की।
रांची ने अपने घर में खेलते हुए कलिंगा लांसर्स को 7-2 के अंतर से मात दी।
एशले जैक्शन ने रांची को 23वें मिनट में मिले पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदल कर 1-0 से बढ़त दिला दी थी।
इसके बाद रांची ने अपना शानदार खेल जारी रखा और सुमित ने 30वें मिनट में, जर्मनी के क्रिस्टोफर रुहर ने 31वें मिनट में तथा मनप्रीत सिंह ने 44वें मिनट में तीन फील्ड गोल करके लांसर्स की जीत तय की।
गौरतलब है कि एचआईएल में एक फील्ड गोल को दो गोल माना जाता है।
इस बड़ी जीत ने रांची को दूसरे स्थान पर पहुंचा दिया है। उसके अब तीन मैचों में आठ अंक हो गए हैं। हार के बावजूद लांसर्स की टीम अंकतालिका में तीन मैचों में 10 अंकों के साथ शीर्ष पर बनी हुई है।
रांची ने इससे पहले दबंग मुंबई को ड्रॉ पर रोका था जबकि भुवनेश्वर में पहले मैच में उसे लांसर्स ने हराया था।
रूहर ने रांची के आक्रमण की बागडोर संभाली। पहले क्वार्टर में रुहर के पास गोल करने का मौका था लेकिन वह जल्दबाजी में गेंद को गोलपोस्ट से दूर खेल बैठे।
दूसरे क्वार्टर में मेजबान टीम ने शानदार शुरुआत की और पहले ही मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किया लेकिन जैक्सन, लासंर्स के गोलकीपर एंड्रयू कार्टर को छका नहीं पाए।
लेकिन जैक्सन ने दूसरा मौका हाथ से जाने नहीं दिया और 23वें मिनट में मिले पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल दाग अपनी टीम को एक गोल से आगे कर दिया।
लांसर्स ने तुरंत पलटवार किया लेकिन उसके स्टार खिलाड़ी ग्लैन टर्नर ने काफी करीब से दो मौके गंवा दिए। लासंर्स को इसके बाद पेनाल्टी कॉर्नर भी मिला लेकिन रांची के गोलकीपर टेलर लोवेल ने गुरजिंदर सिंह के फ्लीक को रोक लिया।
दूसरे क्वार्टर की समाप्ति से पहले सुमित ने एक फील्ड गोल कर रांची को 3-0 की बढ़त दी।
तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में ही रांची अपनी बढ़त को और आगे ले गई। जैक्सन ने हाफ लाइन से गेंद को थामा और दौड़ते हुए आगे ले जाकर रुहर को पास दिया। जर्मन खिलाड़ी ने लांसर्स के बदले हुए गोलकीपर अभिनव पांडे को छकाते हुए गेंद को गोलपोस्ट की दिशा दिखाई और मेजाबनों को 5-0 से आगे कर दिया।
तीन मिनट बाद रांची को एक और पेनाल्टी कॉर्नर मिला लेकिन जैक्सन इस बार नाकाम रहे। लेकिन रांची के लिए गोल का सिलसिला रुका नहीं और मनप्रीत ने गुरबाज सिंह के पास पर शानदार शॉट लगाकर स्कोर 7-0 कर दिया।
मैच जीतने की सारी उम्मीदें लांसर्स के लिए खत्म हो चुकी थीं। हालांकि चौथे क्वार्टर में ललित उपाध्याय ने एरान जालेव्सकी के पास पर 49वें मिनट में फील्ड गोल करते हुए अपनी टीम के हिस्से में दोल गोल डाले।
dharmpath.com dharmpath