नडाल से हारता तो भी खुशी होती : फेडरर

मेलबर्न, 29 जनवरी (आईएएनएस)। अपने करियर का 18वां ग्रैंड स्लैम जीतने वाले स्विट्जरलैंड के टेनिस स्टार रोजर फेडरर ने रविवार को कहा कि अगर वह फाइनल में अपने पुराने मित्र और चिर-प्रतिद्वंद्वी स्पेन के राफेल नडाल के हाथों हार भी जाते तो भी उन्हें खुशी होती।

फेडरर ने मेलबर्न पार्क के रॉड लेवर एरेना में खेले गए खिताबी मुकाबले में अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी स्पेन के राफेल नडाल को 6-4, 3-6, 6-1, 3-6, 6-4 से मात देकर मेलबर्न में पांचवीं बार खिताबी जीत दर्ज की। यह मैच तीन घंटे 37 मिनट चला। नडाल अपना 15वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने से चूक गए। फेडरर ने आस्ट्रेलियन ओपन में अपना 100वां मैच खेला।

फेडरर ने दिग्गज रॉड लेवर के हाथो ट्रॉफी ग्रहण करने के बाद कहा, “मेरे लिए यह महान पल है। मैं इस बात को लेकर खुश हूं कि मैंने और राफेल ने फाइनल में जगह बनाई। पांच महीने पहले हम ऐसा सोच भी नहीं सकते थे। मैं अपने साथ-साथ राफेल के लिए भी खुश हूं। राफेल ने जिस तरह से चोट से वापसी की है, वह काबिलेतारीफ है। मैं अगर आज उनके हाथों हार भी जाता तो मुझे खुशी होती।”

दूसरी ओर, नडाल ने कहा कि वह एक प्रतिद्वंद्वी और दोस्त के तौर पर फेडरर की काफी इज्जत करते हैं। नडाल ने कहा, “हमने कई बार फाइनल खेला है और हम एक दूसरे के खेल की कद्र करते हैं। यह ट्रॉफी (उपविजेता) वाली, अच्छी है लेकिन विजेता वाली ट्रॉफी मिलती तो मुझे और अच्छा लगता। मैं अगले साल फिर से यहां खिताबी जीत के लिए प्रयास करूंगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493