गुरुग्राम, 30 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय टेबल टेनिस संघ (टीटीएफआई) के नए अध्यक्ष के रूप में दुष्यंत चौटाला को नियुक्त किया गया है।
चौटाला को यहां सोमवार को संघ की एक वार्षिक बैठक के दौरान हुए चुनाव के तहत अध्यक्ष चुना गया।
इस संघ के नए महासचिव एम. पी. सिंह होंगे और वहीं, कोषाध्यक्ष के पद पर अरुण बनर्जी को नियुक्त किया गया है।
संघ की वार्षिक बैठक में सभी पदों के लिए चुनाव का संचालन पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश रंजीत सिंह ने किया।
रोमांचक बात यह है कि चौटाला संघ के सबसे युवा अध्यक्ष हैं और वह अगले चार साल 2021 तक इस पद पर बने रहेंगे।
भारतीय ओलम्पिक संघ के प्रतिनिधि कुलदीप वत्स तथा युवा मामलों एवं खेल मंत्रालय के प्रतिनिधि अश्विनी कुमार इन चुनावों के निरीक्षक थे।
इस संघ में आठ उपाध्यक्षों, चार संयुक्त सचिवों और आठ में से पांच कार्यकारी समिति के सदस्यों को टीटीएफआई के संविधान के तहत नामांकित किया गया और इसी अनुसार, इन पदों पर नियुक्तियां की गईं।
संघ की कार्यकारी समिति में खाली पड़ी तीन सदस्यों की सीटों के लिए नियुक्ति टीटीएफआई के नए अध्यक्ष द्वारा की जाएगी।
चुनाव के बाद नए अध्यक्ष ने पूर्व अध्यक्ष के अच्छे कार्य को आगे बढ़ाने के प्रति प्रतिबद्धिता जताई।
चौटाला ने कहा, “हमारी कोशिश देश में टेबल टेनिस के स्तर में सुधार करने की होगी और इसमें मेरी टीम एवं राज्य संघों के कर्मचारी मदद देंगे, ताकि हम अपने लक्ष्य को हासिल कर सकें।”
dharmpath.com dharmpath