नई दिल्ली, 30 जनवरी (आईएएनएस)। हॉकी इंडिया (एचआई) ने सोमवार को पाकिस्तान के खिलाफ द्विपक्षीय श्रृंखला न खेलने की बात कही है। एचआई ने कहा है कि जब तक पाकिस्तान चैम्पियंस ट्रॉफी-2014 में किए गए बुरे और गैरपेशेवर व्यवहार पर लिखित माफी नहीं मांगता है तब तक दोनों देशों के बीच आपसी श्रृंखला होना नामुमकीन है।
एचआई का बयान पाकिस्तान हॉकी महासंघ (पीएचएफ) के सचिव शाहबाज अहमद के उस बयान के बाद आया है जिसमें उन्होंने कहा है कि भारत ने चैम्पियंस ट्रॉफी में भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में हुए व्यवहार का बदला लेते हुए पिछले साल लखनऊ में हुए जूनियर विश्व कप के लिए पाकिस्तान खिलाड़ियों को वीजा देने से मना कर दिया था।
एचआई ने कहा है कि पीएचएफ ने भारतीय सरकार के नियम के मुताबिक 60 दिन से पहले वीजा की अर्जी दाखिल नहीं की थी।
एचआई के प्रवक्ता आर.पी.सिंह ने कहा है कि, “यह शर्म की बात है कि पीएचएफ ने एक बार फिर एफआईएच चैम्पियंस ट्रॉफी-2014 में पाकिस्तान हॉकी टीम के बुरे व्यवहार का मुद्दा उठाया है और जूनियर हॉकी विश्व कप में पाकिस्तान टीम के न खेलने की खुद की गलती के लिए हॉकी इंडिया को जिम्मेदार ठहराया है।”
उन्होंने कहा, “पाकिस्तान की इस हरकत को देखकर एचआई ने एक बार फिर तय किया है कि वह पाकिस्तान के खिलाफ तब तक कोई द्विपक्षीय श्रृंखला नहीं खेलेगी जब तक वह अपने चैम्पियंस ट्रॉफी-2014 में किए गए बुरे और गैर-पेशेवर व्यवहार पर लिखित माफी नहीं मांगता।”
एचआई ने कहा है कि पीएचएफ को आरोप लगाने के बजाए अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) में अपनी शिकायत दर्ज करानी चाहिए।
dharmpath.com dharmpath