नई दिल्ली, 30 जनवरी (आईएएनएस)। बॉलीवुड गायक अभिजीत भट्टाचार्य के 2003 के अल्बम ‘तेरे बिना’ का ‘कभी यादों में आऊं..कभी ख्वाबों में आऊं’ गीत को नए अंदाज में एक बार फिर दर्शकों के सामने पेश किया गया है।
टी-सीरीज कंपनी ने इस गीत को शुक्रवार (27 जनवरी) को रिलीज किया। नोएडा के सेक्टर 16 फिल्म सिटी में स्थित टी-सीरीज के ऑफिस में अभिनेत्री दिव्या खोसला कुमार ने सोमवार को इस गाने के लांच की आधिकारिक घोषणा की। इस नए गीत को आवाज गायिका पलक मुचाल ने दी है और इसके वीडियो में दिव्या खोसला कुमार नजर आ रही हैं।
2003 के मूल गीत ने उस दौर के संगीत प्रेमियों के बीच लोकप्रियता हासिल की थी, और अब उसी अल्बम के गीत ‘कभी यादों में आऊं..कभी ख्वाबों में आऊं’ को दोबारा नए अंदाज में पेश कर और अधिक लोकप्रियता की उम्मीद लगाई है।
इस गीत के नए वीडियो में एक मां और बच्चे की कहानी को दिखाया गया है, जिसमें मां का किरदार दिव्या ने निभाया है। इसके मूल गीत के वीडियो में भी दिव्या ही नजर आईं थीं।
पुराने गीत को नए अंदाज में पेश करने पर दिव्या ने बताया, “इस गाने को उस दौर में काफी पसंद किया गया था। हमनें सोचा कि आज की पीढ़ी के बीच भी इस गीत को दोबारा लाया जाए, इसलिए हमनें इसे दोबारा बनाया।”
2003 के गीत के वीडियो को रोमांटिक अंदाज में पेश किया गया था जबकि इसमें एक मां और बच्चे की कहानी दिखाई गई है।
दिव्या ने कहा, “इस समय रोमांटिक गानों और वीडियो की कोई कमी नहीं है, हर तरफ प्यार-मोहब्बत के वीडियो देखने को मिल जाएंगे। हमने इस नए गीत को अलग तरह से बनाने के बारे में सोचा था, इसलिए हमनें इसमें मां-बच्चे की कहानी को दिखाया, जो आपको बहुत ही कम गीतों के वीडियो में देखने को मिलेगा।”
dharmpath.com dharmpath