मुंबई, 1 फरवरी (आईएएनएस)। आगामी टेलीविजन धारावाहिक ‘एक विवाह ऐसा भी’ में सुमन नाम की युवा विधवा की भूमिका निभा रहीं अभिनेत्री सोनाली निकम ने बताया कि भले ही उन्होंने अभी तक शादी के बारे में नहीं सोचा है लेकिन वह जल्द ही शादी करेंगी।
सोनाली ने मंगलवार के शो के अनावरण के मौके पर कहा, “मैं चाहती हूं कि मेरी जिंदगी में कुछ अलग हो। मैं सुखद और अच्छी शादीशुदा जिंदगी जीना चाहती हूं। शो पर ध्यान केंद्रित करने की वजह से अभी शादी के बारे में नहीं सोचा है, लेकिन जल्द शादी करूंगी।”
टेलीविजन चैनल एंडटीवी शो के बारे में सोनाली ने बताया, “शो महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा दे रहा है। यह कहने के लिए माफ करें लेकिन आज के आधुनिक समाज में भी कुछ जगह ऐसी है, जहां विधवाओं के साथ ऐसा व्यवहार किया जाता है जैसे उनका कोई जीवन ही नहीं रहा।”
सोनाली ने बताया कि फिलहाल इस धारावाहिक के अलावा, वह कुछ और नहीं कर रही हैं।
उन्होंने कहा, “विज्ञापनों और फिल्मों पर बातचीत चल रही है। लेकिन मैंने अभी सब रोक दिया है और मैं इस शो पर ध्यान केंद्रित कर रही हूं। एक समय में एक चीज ही करना पसंद है।”
उन्होंने बताया कि वह फिल्मों में काम करने के लिए तैयार है और वह ‘यथार्थवादी’ फिल्मों का हिस्सा बनना पसंद करेंगी।
dharmpath.com dharmpath