ओस्लो, 2 फरवरी (आईएएनएस)। स्वीडन के लार्स लेजरबैक को नॉर्वे ने अपनी राष्ट्रीय फुटबाल टीम का कोच नियुक्त किया है।
चैनल एनआरके ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि लार्स तीन साल तक नॉर्वे के कोच रहेंगे।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, लार्स ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कई बड़ी टीमों के साथ काम किया है। पिछले साल ग्रीष्मकालीन सत्र में वह आइसलैंड को फ्रांस में हुई यूरोपियन चैम्पियनशिप के क्वार्टर फाइनल तक ले गए थे।
लार्स स्वीडन की फुटबाल टीम के सलाहकार भी रह चुके हैं।
लार्स ने बुधवार को कहा, “नॉर्वे की राष्ट्रीय टीम का कोच बनना मेरे लिए खुशी की बात है। मैंने नॉर्वे की फुटबाल को काफी करीब से देखा है। मैं स्वीडन फुटबाल संघ का शुक्रिया करना चाहता हूं। मेरा उनके साथ करार था लेकिन हमने उसे बिना किसी दिक्कत के रद्द कर दिया था।”
उन्होंने कहा, “मैंने पहले ही कहा था कि मैं पूर्णकालिक तौर पर उपलब्ध नहीं हूं, लेकिन लगता है कि नॉर्वे की फुटबाल टीम की मुझमें ज्यादा ही रुचि थी। यह मुझे अच्छी चुनौती की तरह लग रहा है।”
उन्होंने हालांकि कहा है कि वह नॉर्वे में बसेंगे नहीं लेकिन समय-समय पर यहां आते रहेंगे।
dharmpath.com dharmpath