‘ब्लैक’ के लिए कोई पारिश्रमिक नहीं लिया : अमिताभ बच्चन

मुंबई, 4 फरवरी (आईएएनएस)। संजय लीला भंसाली की ‘ब्लैक’ की रिलीज को शनिवार को 12 साल हो गए। इस मौके पर अमिताभ बच्चन ने खुलासा किया कि उन्होंने इस फिल्म के लिए कोई पारिश्रमिक नहीं लिया, क्योंकि भंसाली के साथ ऐसी फिल्म में काम करना ही उनके लिए पारिश्रमिक था।

अमिताभ ने अपने ब्लॉग पर पोस्ट किया, “संजय का काम देखने के बाद मैं उनके साथ काम करना चाहता था। और जब यह मौका आया, तो मैं बेहद खुश था। मैंने फिल्म के लिए कोई पारिश्रमिक नहीं लिया। ऐसी फिल्म का हिस्सा होना ही पर्याप्त पारिश्रमिक था।”

अमिताभ (74) ने बताया कि फिल्म के निर्माण के दौरान जब सेट पर आग लग गई थी, तो वह और रानी भंसाली के घर गए और सभी दृश्यों की फिर से शूटिंग के लिए तैयार हो गए।

अमिताभ ने कहा, “शूटिंग पहले दिन से ही बेहद खास थी। भंसाली मुझे पटकथा सुनाने के लिए नासिक आए थे। उन्होंने एक काली फाइल से पढ़ना शुरू किया और कुछ पंक्तियां पढ़ने के बाद ही रुक गए और कहा, ‘अमितजी मैं एक बुरा कथावाचक हूं, पटकथा आप पढ़िए’ और वह मुंबई के लिए निकल गए।”

अमिताभ ने भंसाली की प्रशंसा करते हुए कहा, “बारीकियों पर संजय की नजर और बेहतरीन अभिनय के लिए माहौल रचने की उनकी खूबी सचमुच बेहद खास है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493