एमस्टर्डम, 4 फरवरी (आईएएनएस)। नीदरलैंड्स महिला हॉकी टीम की अहम सदस्य और स्टार गोलकीपर जोयस सोमब्रोक ने चोट के कारण हॉकी से संन्यास की घोषणा कर दी है।
वह लंदन ओलम्पिक-2012 और 2014 विश्व कप जीतने वाली नीदरलैंड्स की टीम का हिस्सा रहीं।
उन्होंने शुक्रवार को ट्वीट किया, “दुर्भाग्यवश पीठ के निचले हिस्से में चोट के कारण मुझे अपनी राष्ट्रीय टीम से संन्यास लेना पड़ा रहा है। आप सभी का मेरा समर्थन करने के लिए शुक्रिया। यह शानदार सफर था।”
सोमब्रोक को 2014 में एफआईएच की साल की सर्वश्रेष्ठ महिला गोलकीपर का खिताब मिला। इसके अलावा वह 2010 विश्व कप और रियो ओलम्पिक-2016 में रजत पदक जीतने वाली टीम का भी हिस्सा रहीं।
नीदरलैंड्स हॉकी की आधिकारिक वेबसाइट ने उनके हवाले से लिखा है, “2010 से शुरू हुए मेरे करियर में तीन टूर्नामेंट सबसे खास रहे।”
उन्होंने कहा, “लंदन ओलम्पिक-2012 में स्वर्ण पदक जीतना शानदार रहा। घर में 2014 में खेला गए विश्व कप भी मेरे लिए अच्छा रहा था। हमने अपना सर्वश्रेष्ठ खेल खेला था और मैंने एक भी गोल नहीं खाया था। वह बेहद शानदार अनुभव था।”
उन्होंने कहा, “रियो ओलम्पिक से हमारी बहुत उम्मीदें थीं। यह कठिन प्रक्रिया थी और हमारे खेल में उतार चढ़ाव थे। एक टीम को यह प्रतिबद्ध बनाती है। क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल अच्छे थे और फाइनल भी अविश्वसनीय था।”
उन्होंने कहा, “मैंने यह सब देखा है, हमने सबकुछ जीता। मेरा करियर उपलिब्धयों से भरा रहा।”
dharmpath.com dharmpath