रांची, 4 फरवरी (आईएएनएस)। पूर्व चैम्पियन रांची रेज और उत्तर प्रदेश विजार्ड्स के बीच शनिवार को हुआ कोल इंडिया हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) का मैच गोलरहित ड्रॉ रहा।
दोनों ही टीमों को गोल करने के मौके मिले। विजार्ड्स को मैच में कुल पांच पेनाल्टी कॉर्नर मिले, जबकि मेजबान रांची को तीन पेनाल्टी कॉर्नर मिले। लेकिन दोनों ही टीमें एक भी मौक नहीं भुना सकीं।
दोनों ही टीमों ने मैच की आक्रामक शुरुआत की, हालांकि गोल का पहला मौका विजार्ड्स ने बनाया। बेल्जियम के फ्लोरेंट वैन ऑबेल रांची के दो डिफेंडरों को छकाते हुए तेजी से गोलपोस्ट की ओर बढ़े और नेट को निशाना बनाकर गोल दाग दिया, लेकिन गोलकीपर टायलर लोवेल ने उनका शॉट रोक लिया।
लोवेल के गलत ब्लॉक से विजार्ड्स को पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन वे इसे गोल में तब्दील नहीं कर पाए।
तीन मिनट बाद ही मेजबानों ने भी पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किया, लेकिन एश्ले जैक्सन का फ्लिक विजार्ड्स की रक्षापंक्ति को भेद नहीं सका।
दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमें थोड़ा धीमा खेलीं और रक्षात्मक रहीं।
आस्ट्रेलिया के फ्लिन ओगिल्वे के पास मैच के 26वें मिनट में फील्ड गोल करने का सुनहरा मौका था, लेकिन मोहम्मद आमिर खान द्वारा बेसलाइन से मिले क्रॉस पर फ्लिन के शॉट को भारत के स्टार गोलकीपर पी. आर. श्रीजेश ने विफल कर दिया।
तीसरा क्वार्टर भी रक्षात्मक रहा और दोनों ही टीमों की रक्षापंक्तियों ने दमदार प्रदर्शन किया।
इस बीच रांची के खेल में थोड़ी गिरावट देखी गई और उनके खिलाड़ी पास में कई बार चूके। मैच समाप्ति की सीटी बजने तक अंतत: कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी और वे अंक बांटने को लेकर तैयार नजर आए।
इस ड्रॉ मैच से मिले एक अंक की बदौलत तीसरे स्थान पर मौजूद रांची के सात मैचों से 17 अंक हो गए, वहीं उत्तर प्रदेश तीन मैचों से आठ अंक लेकर चौथे स्थान पर बना हुआ है।
dharmpath.com dharmpath