बद्री राघवन होंगे ओला के चीफ डेटा साइंटिस्ट

नई दिल्ली, 9 फरवरी (आईएएनएस)। परिवहन एप ओला ने गुरुवार को डॉ. बद्री राघवन को अपना चीफ डेटा साइन्टिस्ट नियुक्त किए जाने की घोषणा की है। ओला में बद्री मशीन लर्निग, आर्टीफिशियल इंटेलीजेंस, डिसिजन एनालिसिस, पैटर्न रिकॉग्निशन एवं संबंधित क्षेत्रों में अत्याधुनिक प्रशिक्षण के द्वारा डेटा साइंस टीम का नेतृत्व करेंगे।

कंपनी ने एक बयान जारी कर कहा कि यह टीम विभिन्न बिजनेस युनिट और विभागों में काम करते हुए मांग एवं आपूर्ति से लेकर, ड्राइवर के व्यवहार एवं प्रदर्शन प्रबंधन, लोकेशन इंटेलीजेंस आदि क्षेत्रों में दक्षता हासिल करेगी।

कंपनी ने बताया कि डॉ. राघवन के पास इस डोमेन में 20 साल से ज्यादा का अनुभव है। अपने प्लेटफॉर्म पर ड्राइवरों, उपभोक्ताओं के व्यापक डेटाबेस तथा राइड्स के चलते ओला का कारोबार डेटा साइंस के साथ गहराई से जुड़ा है और हमेशा से ऐसे समाधान पेश करने की कोशिश करता रहा है जो भारतीय उपभोक्ताओं एवं ड्राइवर साझेदारों की जरूरतों को पूरा कर सकें।

ओला प्लेटफॉर्म पर मौजूदा 5 लाख से ज्यादा ड्राइवरों और 100 से ज्यादा शहरों में अपने संचालन के साथ ओला ने डेटा और एनालिटिक्स की एक मजबूत नींव बना ली है। ऐसे में बड़े पैमाने पर ओला की गतिविधियों का संचालन निकट भविष्य में कंपनी के विकास में महत्वपूर्ण साबित होगा।

ओला के सीटीओ और सह-संस्थापक अंकित भाटी ने कहा, “ओला भारतीय बाजार के बारे में गहन जानकारी के आधार पर बड़े पैमाने की बिल्डिंग टेक्नोलॉजी की और बढ़ रही है और इसके लिए बिग डेटा बेहद महत्वपूर्ण है। डेटा साइंस और मशीन लर्निग में विशेषज्ञता के साथ बद्री इस भूमिका के लिए उपयुक्त हैं और हमारे उपभोक्ताओं को समझते हुए अत्याधुनिक प्रोद्यौगिकी से युक्त विश्वस्तरीय समाधानों के निर्माण में योगदान देंगे।”

ओला के चीफ डेटा साइंटिस्ट बद्री राघवन ने कहा, “मुझे खुशी है कि ओला के साथ जुड़ने का मौका मिला है। ओला एक ऐसी कंपनी है, जिसने विश्वस्तरीय इनोवेशन और समाधान पेश किए हैं। इससे सैकड़ों-हजारों भारतीय नागरिकों के जीवन में बदलाव आया है। ओला के पास एकत्रित हुए डेटा की क्षमता का इस्तेमाल करके उपभोक्ताओं को बेहतर समाधान उपलब्ध कराने और विकसित होने की कहानी अपनी आप में अनूठी है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493