एडिडास ने ऋषभ पंत के साथ किया करार

नई दिल्ली, 14 फरवरी (आईएएनएस)। खेल परिधान बनाने वाली कंपनी एडिडास ने मंगलवार को भारत के युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत के साथ करार किया।

पंत ने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई टी-20 श्रृंखला के आखिरी मैच में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदार्पण किया था।

19 वर्षीय पंत के अलावा एडिडास के साथ क्रिकेटर रोहित शर्मा, लोकेश राहुल, सरफराज खान व युवा स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव भी जुड़े हुए हैं।

पंत ने रणजी ट्रॉफी में दिल्ली के लिए पहला मैच 2015 में खेला था। उन्होंने घरेलू सत्र में महाराष्ट्र के खिलाफ तिहरा शतक और झारखंड के खिलाफ 48 गेंदों में शतक जमाया था।

पंत ने इस करार के बाद कहा, “एडिडास परिवार के साथ जुड़ने से मैं काफी खुश हूं। मेरे बचपन के हीरो सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग इस कंपनी के परिधान पहनते थे, इसलिए मैं भी इसके उत्पादों का उपयोग करना चाहता था। अब इन दिग्गज खिलाड़ियों और मुझ में कुछ समानता है, इससे मुझे बेहद अच्छा लग रहा है।”

उन्होंने कहा, “मैं अपने करियर के शुरुआती दौर में हूं और एडिडास मेरे खेल को नए स्तर तक ले जाने में मदद करेगा।”

पंत पिछले साल अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में पहुंचने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493