मुंबई, 15 फरवरी (आईएएनएस)। एशिया पैसिफिक रैली चैंपियनशिप (एपीआरसी) में दमदार प्रदर्शन करने वाले एवं क्रॉस कंट्री रैली ड्राइवर गौरव गिल और सुपरक्रॉस एवं रैली-रेड चैंपियन सी. एस. संतोष पानी पर सबसे तेज पुरुष बनने की प्रतिस्पर्धा करेंगे।
नेक्सा पी-1 पावरबोट ग्रां प्री मुंबई के मरीन ड्राइव में तीन से पांच तक मार्च होगी।
पिछले कुछ साल से गौरव और संतोष अच्छा प्रदर्शन करते आ रहे हैं। अब दोनों समुद्र की पहली ऐतिहासिक रेसिंग में पावरबोट पायलटिंग करने वाले प्रथम भारतीय बनेंगे।
सात बार के विश्व चैंपियन और तीन बार के ‘वल्र्ड स्पीड रिकॉर्ड’ धारक ब्रिटेन के नील होम्स के मार्गदर्शन में पावरबोट रेसिंग का गहन प्रशिक्षण हासिल करने के बाद भारत के दोनों मोटरस्पोर्ट्स चालकों को पूरा यकीन है कि उनके पास पहले से मौजूद अनुभव में शामिल हुई यह नई योग्यता, मार्च में होने वाली प्रतियोगिता में उन्हें मजबूत प्रतिस्पर्धी बनाएगी।
नेक्सा पी-1 पावरबोट, समुद्र की भारतीय ग्रां प्री पहली बार एक जल सतह पर बनाए गए रेस कोर्स पर संचालित की जा रही है। रेसट्रैक जैसे ट्रैक पर होने वाली इस प्रतियोगिता में मौजूदा स्थिति को चुनौती देते हुए सर्वश्रेष्ठ नई तकनीक व सशर्त समुद्री रणनीति का मेल शामिल होगा।
गौरव ने कहा, “हम इस बात को लेकर उत्साहित हैं कि प्रोकैम इंटरनेशनल और पी-1 हमारे देश में समुद्र की पहली ग्रां प्री का आयोजन कर रहे हैं और इसमें एक ऐसी वैश्विक संरचना बनाई गई है, जिसकी नींव भारतीय समुद्री किनारों में मौजूद हैं। हमें इस बात की अधिक खुशी है कि इस प्रतियोगिता के लिए हम दोनों को भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया है। रैली और पावरबोट, दोनों अत्यंत स्फूर्तिजनक और उच्च कुशलता वाले खेल हैं और मेरा यह मानना है कि दबाव की स्थितियों में नेविगेशन का मेरा अनुभव मुझे एक मजबूत प्रतियोगी बनाएगा।”
संतोष ने कहा, “मैंने धरती की कठिनतम रेस डाकर रैली में खुद को चुनौती दी है। अब मैं खुले सागर की चुनौतियों को परखने के लिए कड़ा प्रशिक्षण ले रहा हूं। इस नए प्रतिस्पर्धी पावरबोट रेसिंग सीरीज में रफ्तार की अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करने के लिए मिले इस मौके को लेकर बेहद उत्साहित हूं और मुझे उच्च अनुभवी पायलटों के साथ रेसिंग की इस संभावना के लिए उत्सुकता रहेगी।”
dharmpath.com dharmpath