सियोल, 17 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर कोरियाई नागरिकों को अपने नेता किम जोंग उन के सौतेले भाई की मौत के बारे में जानकारी नहीं मिल सके, इसके लिए उत्तर कोरिया सरकार ने बाहर से आने वाली सूचनाओं के प्रसार पर नियंत्रण को और कड़ा कर दिया है। सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों ने कहा कि शासन की निगरानी के बावजूद, यह बस समय की ही बात है कि जब इस खबर के बारे में ज्यादातर उत्तर कोरियाई निवासियों को पता चल जाएगा क्योंकि बाहरी सूचना हासिल करने के उनके अपने गुप्त तरीके हैं।
योनहाप न्यूज एजेंसी के मुताबिक, किम जोंग-नाम दिवंगत पूर्व नेता किम जोग इल के बड़े पुत्र थे। उनकी मलेशिया में सोमवार को हत्या कर दी गई। उन पर दो महिलाओं ने हमला किया था। इन महिलाओं द्वारा उन्हें किसी तरह का जहर दिए जाने का संदेह है।
अभी तक इस हत्या के पीछे उत्तर कोरिया के होने की पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी ने कहा कि किम जोंग उन ने 2011 में सत्ता संभालने के बाद अपने सौतेले भाई की हत्या का ‘स्थायी आदेश’ जारी किया था।
बहुत से उत्तर कोरियाई लोगों को किम जोंग-नाम की मौत के बारे में नहीं पता है न ही वह किम जोंग-नाम के बारे में जानते हैं। सूत्रों ने कहा कि इससे संकेत मिलता है कि शासन ने अपने बारे में सभी सूचनाओं पर नियंत्रण कर रखा है।
dharmpath.com dharmpath